मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने वकीलों से आग्रह किया कि एक बुद्धिजीवी वर्ग से होने के नाते वे स्वयं आंकलन करें कि हरियाणा तथा प्रदेश के लोगों के हक में क्या है तथा वे इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री मंगलवार को पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल की ओर से पिपली रोड पर निजी पैलेस में समारोह में संबोधित कर रहे थे।
राज्य स्तरीय इस समारोह का विषय कानूनी व्यवसाय से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं एवं सदाचार नियम रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वकील समुदाय का आजादी की लड़ाई से लेकर समाज सुधार में काफी अहम स्थान रहा है। मोतीलाल नेहरू, महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय जैसे आजादी के नेता पेशे से वकील थे, जिन्होंने देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में हरियाणा सरकार ने वकील समुदाय को हर संभव सहयोग दिया है। वकीलों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाए हैं, जिनमें हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों में प्लाटों में आरक्षण, अधिवक्ता कल्याण कोष का गठन, वकीलों के चैंबरों के लिए मैचिंग ग्रांट देना तथा फर्नीचर व लाइब्रेरी के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर व पुस्तकों की उपलब्धता करवाने जैसी सुविधाएं प्रमुख हैं।
इस मौके पर पंजाब और हरियाणा बार काउंसिल के चेयरमैन रणधीर सिंह बधरान ने कहा कि वकीलों के लिए फर्नीचर व पुस्तकालय के लिए पिछले 9 वर्षों के दौरान अब तक मुख्यमंत्री ने 8 करोड़ 36 लाख रुपये की ग्रांट दे चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकार्ड है। इस अवसर पर प्रदेश की विभिन्न बार काउंसिलों से आए प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बुके भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने स्वैच्छिक कोष से कुरुक्षेत्र बार काउंसिल को 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से कानून के विद्यार्थी बिंदिया अरोड़ा, निधि व तृप्ता ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न व शॉल भेंट की।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिंदल, विधायक अनिल धंतौड़ी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार प्रो. वीरेंद्र, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक बंता राम, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जय भगवान शर्मा डीडी, हरियाणा राज्य वित्त आयोग के सदस्य सुभाष सुधा, प्रवास चौधरी, पूर्व चेयरमैन मेवा सिंह, उपायुक्त निखिल गजराज, पुलिस अधीक्षक वाई पूर्ण कुमार, एसडीएम राजेश कुमार, प्रवेश राणा के अलावा पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य प्रवेश यादव, वाइस चेयरमैन परुपकार सिंह घुम्मन, वाइस चेयरमैन विजेंद्र सिंह अहलावत, राजीव कासवान, सचिव कर्णजीत सिंह, सदस्य भूपेंद्र सिंह राठौर, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमन चीमा, कंज्यूमर कोर्ट के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट दीना नाथ अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में प्रदेश के कोने-कोने से बार काउंसिल के सदस्य, वकील व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के विधि विभाग के संकाय सदस्य व विद्यार्थी उपस्थित थे।
सेन समाज को सीएम ने 31 व जिंदल ने दिए 10 लाख
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सैन समाज के मुकुटमणि श्री बाबा सैन भक्त जी महाराज ने समाज को नया मार्ग दिखाने का काम किया। वे मंगलवार को सैन समाज की ठाकुर धर्मशाला की द्वितीय मंजिल का उद्घाटन करने के उपरांत एक सभा को संबोधित कर रहे थे। हुड्डा ने ठाकुर समाज की धर्मशाला के लिए अपने निजी कोष से 31 लाख रुपये और सांसद नवीन जिंदल ने 10 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। सैन समाज की तरफ से प्यारे लाल वर्मा व राम मेहर ठाकुर ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए समाज की तरफ से मांग पत्र भी सौंपा। वर्मा,देवी दयाल व सत्यवान ने सीएम, सांसद नवीन जिंदल व हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम के चेयरमैन व विधायक अनिल धंतौड़ी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर कुलदीप केडी, रतन सिंह, देवी दयाल, प्रवेश राणा, सत्यवान, सुभाष, राजीव सैन, डा. सुनील पंवार, रामभज, जय प्रकाश, महावीर सजूमा, आजाद, सुभाष चौधरी उपस्थित थे।