मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को अपने करनाल आगमन पर पंचायत भवन परिसर से करीब 13 करोड़ 26 लाख रुपये के 12 विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 1 करोड़, 72 लाख रुपये की लागत से तैयार दो सड़कों का उद्घाटन और 10 तीर्थों के नवीनीकरण व सौंदर्यकरण कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इन विकास कार्यों पर 11 करोड़, 54 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 49 लाख 79 हजार रुपये की लागत से नीलोखेड़ी विधानसभा के गांव पधाना से गांगर की सड़कव करीब 1 करोड़, 22 लाख, 26 हजार रुपये की लागत से संडीर से पधाना की सड़क का विस्तारीकरण व सुदृढ़ीकरण के कार्य का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने जिन 10 तीर्थों के नवीनीकरण व सौंदर्यकरण कार्यों का शिलान्यास किया। गांव बस्तली के महर्षि वेदव्यास तीर्थ पर 55.90 लाख से स्वागत गेट, महिमा पट, महिला घाट, शैड, बैंचेज, नहाने की सीढ़ियां व शौचालय का नवीनीकरण होगा। गांव बहलोलपुर के गुरु पराशर तीर्थ पर 89.89 लाख में महिमा पट, चारदीवारी, नहाने की सीढ़ियां, नजदीक का रास्ता, भूमि समतल करने का कार्य होगा। चोर-कारसा में सामुदायिक केंद्र में बाबा केसर बान डेरा पर 110.42 लाख रुपये में महिला घाट, गाय घाट व चारदीवारी का निर्माण कार्य होगा। गांव डाचर के दक्षेश्वर तीर्थ पर 154.72 लाख रुपये में टाइलें, नहाने की सीढ़ियां, पाईपलाइन व वेस्ट वाटर निकालने का कार्य, सामुदायिक केंद्र में शौचालय, चारदीवारी के निर्माण कार्य होगा। गांव गुनियाना में त्रिगुनियानानंद तीर्थ के सरोवर पर 100.74 लाख रुपये विकास करवाया जाएगा, नहाने की सीढ़ियां, शौचालय, महिला घाट, हवन कुंड, वेस्ट वाटर के लिए पाइपलाइन और बहुउद्देशीय हॉल, आरसीसी बैंच लगेंगे। जभाला के जंबू नाथ तीर्थ पर 122.65 लाख रुपये में महिला एवं पुरुष स्नान घाट, गाय घाट, सामुदायिक केंद्र व चारदीवारी बनाई जाएगी। गांव कुरलन के जयश्री कोटि तीर्थ पर 77.80 लाख रुपये में रास्ता, बहुउद्देशीय हॉल, महिला घाट, स्नान घाट, शौचालय बनेगा। फफड़ाना के दादा फल्गू ऋषि तीर्थ पर 83.65 लाख रुपये में सामुदायिक केंद्र में मुख्य द्वार, चारदीवारी, पार्क कुंड, महिमा पट, डिपोजल वाटर पंप व रास्ता बनाया जाएगा। सग्गा के बिम्लेश्वर तीर्थ पर 135.38 लाख रुपये में महिमा घाट, चेंजिंग रूम, पार्किंग, शौचालय आदि का निर्माण होगा। उपलाना के सहस्र तीर्थ पर 184.28 लाख रुपये में चारदीवारी, घाट और मोचन तीर्थ का रास्ता बनेगा।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद संजय भाटिया, विधायक धर्मपाल गोंदर, जिला प्रधान जगमोहन आनंद, मेयर रेणूबाला गुप्ता, डीसी निशांत यादव, एसपी एसएस भोरिया, एडीसी अनीश यादव, नगराधीश डॉ. पूजा भारती, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त एवं केडीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगनदीप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अश्विनी आहुजा, पंचायती राज के अधीक्षण अभियंता रामफल, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, डीएमसी धीरज कुमार व जिला महामंत्री भाजपा योगेंद्र राणा उपस्थित रहे।