एक दुकानदार ने युवक को उधार पैसे नहीं दिए तो आरोपी युवक ने दुकानदार पर पिस्तौल तान दी, इतना ही नहीं युवक ने तीन बार पिस्तौल का ट्रिगर दबाया, हालांकि गोली नहीं चल पाई। बाद में आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के अनुसार गोल मार्केट में डाकखाने के समीप एक स्नूकर क्लब में बुटाना गांव के एक युवक प्रदीप ने एक दुकानदार से कपड़े उधार लेने को कहा। दुकानदार ने उधार में कपड़े देने से इनकार कर दिया। इस पर आरोपी युवक ने दुकानदार को दुकान के सीसीटीवी कैमरे बंद करने को कहा, इस पर विवाद हो गया। दुकान में बैठे समानाबाहु के एक युवक पलविंद्र ने कैमरे बंद करने पर एतराज जताया तो युवक ने पिस्तौल निकाल कर दुकानदार पर तान दी और तीन बार ट्रिगर दबा दिया। गनीमत रही कि गोली नहीं चल पाई। इस पर पलविंद्र ने पिस्तौल पकड़ ली। छीना झपटी में पिस्तौल की नली पलविंद्र के गाल के अंदर के हिस्से में लगी और खून बहने लगा।
इस दौरान पलविंद्र वहां से मरहम पट्टी के लिए चला गया तो युवक ने स्कूनर क्लब के मालिक कुलभूषण की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और सीसीटीवी फुटेज खत्म करने की धमकी दी। इस दौरान कुलभूषण ने अपने पार्टनर रवि वर्मा को फोन कर दिया। रवि वर्मा भी मौके पर पहुंचा तो मौका देखकर आरोपी फरार हो गया। इस बारे में चौकी इंचार्ज बक्शा सिंह ने बताया कि आरोपी प्रदीप रोहतक पुलिस का भगौड़ा है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने पलविन्दर की शिकायत पर आरोपी प्रदीप के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और कई स्थानों पर आरोपी को गिरफ्तार करने की दबिश दी, लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।