संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। बरसात के मौसम को देखते हुए नगर पालिका ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी शहर में बरसाती नालों की सफाई का अभियान जारी रखा। इस दौरान जेसीबी मशीन और कर्मचारियों की मदद से नाले-नालियों से गाद (कीचड़) और कचरा निकाला गया, ताकि बारिश के दौरान पानी का बहाव बाधित न हो।
नगरपालिका के फील्ड असिस्टेंट मदन शर्मा, कोऑर्डिनेटर प्रकाश और सफाई दरोगा ईसम सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर 13 में विशेष रूप से नालों की सफाई करवाई गई। अभियान के दौरान कर्मचारियों ने लोगों से अपील की कि वे पॉलीथिन का इस्तेमाल न करें और कचरा इधर-उधर न फेंकें।
सफाई के दौरान निकाले गए कचरे को तुरंत उठाकर निर्धारित स्थान पर डलवाया गया। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहेगी और बीमारियों के फैलने का खतरा कम होगा। अधिकारियों का कहना है कि मानसून से पहले सफाई कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि नालियां ओवरफ्लो न हों।
औपचारिक न रह जाए अभियान, लोगों ने जताई चिंता : शहरवासियों ने आशंका जताई है कि कहीं यह अभियान भी पिछले वर्ष की तरह औपचारिक बनकर न रह जाए। उनका कहना है कि पिछले साल भी अभियान शुरू किया गया था, लेकिन कुछ स्थानों पर कार्य करने के बाद उसे बीच में ही बंद कर दिया गया था।
इसके चलते बरसात के दौरान कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी और लोगों के घरों तक पानी घुस गया था। नागरिकों ने मांग की है कि इस बार सफाई अभियान को पूरी गंभीरता के साथ लगातार जारी रखा जाए, ताकि बारिश के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी न हो।