माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जमीन के मालिकाना हक के लिए घरौंडा थाना क्षेत्र के चौरा गांव में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जमीन की निशानदेही के बहाने पहुंचे कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और हथियारों से हमला कर दिया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 11 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धन्नो देवी उनके बेटे अशोक और दीपक ने बताया कि वे चौरा गांव के निवासी हैं और विवादित जमीन पर उनका कब्जा है। 21 मार्च सुबह करीब 11:30 बजे प्रमोद कुमार, धर्मपाल, सतीश कुमार, कृष्ण, राधा राम, रोहित, आत्माराम, सोमती देवी, पालाराम, संदीप, सोहन, रिंकु, प्रवीण, मोनु और अन्य व्यक्ति जमीन की निशानदेही के बहाने पहुंचे और हमला कर दिया।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किया और उन्हें बुरी तरह पीटा। वे किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। बाद में आरोपियों ने कथित तौर पर उनकी जमीन में बने खाद के गड्ढे में जबरन नींव भर दी, जो कि पूरी तरह गैर-कानूनी था। धन्नो देवी ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना घरौंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।