पानीपत। शहर की सुरक्षा को हाईटेक करने के लिए तैयारी चल रही है, इसके लिए शहर में इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर बनाया जाएगा, इसके तहत शहर के 400 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर सीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिला सचिवालय पर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से पूरे शहर पर एक साथ नजर रखी जाएगी। जल्द ही बैठक कर इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया जाएगा। उधर, जीटी रोड पर हादसों को रोकने के लिए छह स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे जाने हैं, जिनकी लोकेशन चिह्नित कर ली गई है।
शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदात और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम और पुलिस विभाग की ओर से नया प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। शहर में इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना की जानी है, जिसके तहत पूरे शहर को सीसीटीवी कैमरों की जद में लाया जाएगा, इसके लिए पूरे शहर में 400 से अधिक कैमरे लगाए जाने हैं, जिस देखते हुए पुलिस विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों और कॉलोनियों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। डीएसपी यातायात सुरेश सैनी के नेतृत्व में एक टीम इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। जल्द ही इस इस प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार कर ली जाएगी। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रोजेक्ट पर चर्चा कर फाइनल किया जाएगा।
पुलिस कंट्रोल रूम में स्थापित होगा कमांड सेंटर
फिलहाल जिला सचिवालय में पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम को ही अपग्रेड कर इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर बनाया जाएगा, जिसमें शहर में लगने वाले सभी सीसीटीवी कैमरे का एक्सेस रहेगा, जहां से पूरे शहर पर एक साथ नजर रखी जाएगी। खास बात यह है कि यातायात की समस्या को भी कंट्रोल सेंटर से निस्तारित किया जाएगा, वहीं वारदात होने के बाद एक ही स्थान से फुटेज ली जा सकेंगी, जिससे अपराधियों पर शिकंजा कसने में आसानी होगी।
हादसों को रोकने के लिए छह स्थानों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
शहर में जीटी रोड पर अक्सर जाम की स्थिति और हादसों का खतना बना रहता है, जिस कारण जीटी रोड पर छह संवेदनशील स्थान चिह्नित किए गए हैं। जहां पर वाहन चालक गलत दिशा में वाहन चलाते हैं, इनमें राधा स्वामी सत्संग ब्यास के सामने, टीडीआई पुल कट के पास, बरसत रोड तहसील कैंप, पीवीआर होटल के सामने वाले कट, मलिक पेट्रोल पंप के पास कट, अनाज मंडी कट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरे से वाहन चालकों पर नजर रखी जाएगी, जिससे हादसों में कमी आएगी और जाम की स्थिति से भी निपटा जाएगा।
शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को देखते हुए आईसीसीसी प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। जल्द ही इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा। प्रोजेक्टर के तहत शहर में कम से कम 400 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं।
- सुरेश सैनी, डीएसपी यातायात।