संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्रीकृष्ण गोशाला में रविवार को आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों को शहीद भगत सिंह के जन्मदिन और नवरात्र की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सामाजिक कार्यों मेंं भागीदारी निभानी चाहिए। वे खुद पिछले 11 साल से करनाल की सेवा कर रहे हैं।
मनोहर लाल ने कहा कि करनाल के लोगों में भरपूर सेवा भावना है। सेवा पखवाड़े के दौरान सब जगह समाज हित के कार्य किए जा रहे हैं। सरका ने त्योहारी सीजन में जीएसटी घटाकर बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बताया कि करनाल को फार्मा हब बनाने के लिए वे पहले ही जेपी नड्डा को पत्र लिख चुके हैं।
महामंडलेश्वर ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि छठे नवरात्र पर व्यापार मंडल की ओर से आयोजित शिविर से हजारों लोग लाभान्वित होंगे। विधायक जगमोहन आनंद, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, मेयर रेणु बाला गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण लाठर, कविंद्र राणा, चेयरपर्सन मेघा भंडारी, गोशाला प्रधान सुनील गुप्ता, महासचिव रामकुमार आदि उपस्थित रहे।