संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल।
लोगों में सहनशीलता की कमी से रिश्तों में दरार आना आम होता जा रहा है। छोटी-छोटी बातों पर पति-पत्नी में अलगाव के मामले बढ़े हैं। पारिवारिक न्यायाल में तलाक और कस्टडी से संबंधित 40-50 मामलों की रोजाना सुनवाई होती है। मां-बाप के झगड़े में बचपन पिसता है।
अधिवक्ता मोनिका शर्मा ने बताया कि पति-पत्नी अपने अहंकार के चलते एक-दूसरे के साथ नहीं रहना चाहते हैं। तलाक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इन सबके बीच बच्चों को कानूनी लड़ाई की प्रक्रिया का हिस्सा बनना पड़ता है। पति-पत्नी अपनी लड़ाई के चलते बच्चों के भविष्य को भूल जाते हैं। वे एक-दूसरे से कई सालों तक लड़ते रहते हैं। बच्चे इन सबके बीच मानसिक पीड़ा से गुजरते हैं।
उन्होंने बताया कि तलाक के बाद कस्टडी का केस चलता है। इसमें कुछ बच्चे मां के साथ रहना चाहते हैं तो वहीं कुछ पिता के साथ। परिवार न टूटे इसके लिए पहले काउंसिलिंग करवाई जाती है। तलाक के बाद बच्चों की भी काउंसिलिंग की जाती है। बच्चे माता-पिता, दोनों के साथ रहना चाहते हैं। माता-पिता के अलग होने के बारे में उनको समझाना बहुत कठिन होता है। संवाद
-
-बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है गंभीर असर
डीएलएसए जिला कोर्ट बाल परामर्शदाता पूजा शर्मा ने बताया कि वह हर माह करीब 40 से 50 बच्चों की काउंसिलिंग करती हैं। पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर माता-पिता की कानूनी व घरेलू लड़ाई से गहरा असर पड़ता है। बच्चों में अभिभावकों के तलाक के बाद तनाव और गुस्सा बढ़ने लगता है। कई मामलों में वे समाज से दूरी बनाना शुरू कर देते हैं। ऐसे में कोशिश की जाती है कि काउंसिलिंग कर उन्हें मानसिक रूप से मजबूत किया जाए। यदि पांच साल से कम उम्र का बच्चा होता है तो माता-पिता की आर्थिक व पारिवारिक स्थिति को देखते हुए कस्टडी दी जाती है। यदि बच्चा पांच साल से अधिक का है तो उसकी चार से पांच राउंड में काउंसिलिंग की जाती है, जिससे वह स्वयं कोई निर्णय ले पाते हैं।
डेढ़ साल की बच्ची की कस्टडी का केस
केस-1
दोनों लिव इन रिलेशनशिप में थे। प्रेम विवाह किया। लेकिन शादी के एक साल बाद ही मनमुटाव हो गया। पत्नी ने पति से तलाक लेने का केस डाल दिया। काउंसिलिंग के दौरान पता चला कि दोनों एक-दूसरे को समय नहीं दिए जाने से परेशान हैं। दोनों ने आरोप लगाया कि साथी उनसे ज्यादा मोबाइल को समय देता है। तलाक की कानूनी प्रक्रिया के बाद अब डेढ़ साल की बच्ची के लिए कस्टडी का केस चल रहा है। पत्नी का कहना है कि वह बेटी को पिता से कभी मिलने नहीं देगी। पिता का कहना है कि बेटी की कस्टडी उन्हें दी जाए। बेटी के पांच साल तक होने तक कस्टडी मां के पास ही रहेगी। बच्ची के बड़े हो जाने पर तय किया जाएगा कि वह किसके पास रहेगी। पिता ने केस दायर किया हुआ है कि उसे बेटी से मिलने दिया जाए।
13 साल के जुड़वां भाई रहेंगे अलग-अलग
केस-2
पति-पत्नी ने शादी के 15 साल बाद तलाक लेने का फैसला किया। घरेलू कलह कारण रहा। दोनों का आपसी सहमति से तलाक हो गया लेकिन बच्चों की कस्टडी को लेकर विवाद न्यायालय में चल रहा है। दोनों के 13 साल के जुड़वां बच्चे हैं। दोनों बच्चों की काउंसिलिंग की गई। निष्कर्ष यह निकला कि एक लड़का मां के साथ रहेगा तो एक पिता के साथ। पति-पत्नी ने फैसला लिया कि वह न तो स्वयं कभी मिलेंगे न ही बच्चों से एक-दूसरे को मिलने देंगे।