संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सदर बाजार में दो व्यक्तियों को एक युवक ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग का इंस्पेक्टर बताकर 12 हजार रुपये की ठगी कर ली। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर बाजार निवासी चिराग सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सात मार्च की दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने घर पर था। उसी समय उनका पड़ोसी जुगल किशोर एक व्यक्ति को लेकर उनके घर पर आया। उस व्यक्ति ने कहा कि चुनाव पास आ गए हैं। वह खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में इंस्पेक्टर है।
उसे आठ पीले कार्ड बनाने है और वह उनको तेल, चीनी व आटा दे देगा। यह सामान गूंगे की चक्की सदर बाजार पर रखा हुआ है। इसके बदले उन दानों ने 15 हजार रुपए देने होंगे और वह इन रुपयों की रसीद कल दे देगा। इसके बाद उसने तीन हजार रुपये व नौ हजार रुपये पड़ोसी जुगल किशोर ने उस व्यक्ति को दे दिए।
आरोपी ने उसको कहा कि वह गूंगे की दुकान से सामान उठा लाओ। जब वे दोनों गूंगे की दुकान पर गए तो वहां पर कोई सामान नहीं मिला। जब वे वापस आए तो वह व्यक्ति भी घर पर नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने आरोपी को फोन मिलाया तो वह बंद मिला। पीड़ित ने बताया कि आरोपी अपना नाम पवन शर्मा बता रहा था।