फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिल नहीं भरा तो सीएचसी के बिजली, फोन कनेक्शन काटे

Sun, 17 Nov 2013 12:25 AM IST
कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बिल जमा नहीं करवाए जाने के कारण झांसा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के बिजली और टेलीफोन कनेक्शन काट दिए गए हैं।
विज्ञापन


दो दिन पहले बिजली कनेक्शन काटे जाने से सीएचसी में अंधेरा छा गया है और अधिकतर सेवाएं ठप हो गई हैं। यहां का ब्लड स्टॉक पड़ोसी कसबे की सीएचसी में ट्रांसफर कर दिया गया है। अब यहां आपात हालात में तत्काल स्वास्थ्य सेवा मिलने में दिक्कत आएगी।

यह नौबत प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण हुई है। बिजली निगम का इस सीएचसी पर सवा लाख रुपये से अधिक का बिल बकाया है, जिसके चलते निगम कर्मचारियों ने दो दिन पहले यहां का बिजली कनेक्शन काट दिया।
विज्ञापन


सीएचसी के टेलीफोन कनेक्शन को कटे भी सप्ताह बीतने को है। बिजली निगम और भारत संचार निगम ने कनेक्शन काटने के आदेश लंबे समय से भुगतान न होने के कारण दिए थे।

अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि झांसा, कलसाना, डीग, ठोल और ठसकां पीएचसी का कामकाज झांसा सीएचसी के माध्यम से ही होता है। बिजली बिल जमा न करवाने पर अब स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से जवाब देते नहीं बन रहा है। इस बारे में बात करनी चाही तो सीएचसी के एसएमओ डॉ.सूबे सिंह का मोबाइल फोन बंद मिला।

जिला के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ.शिव कुमार से अमर उजाला ने संपर्क किया तो उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार तक बिजली और टेलीफोन सेवा बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।

दोनों निगमों के उच्चाधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। वहीं सीएमओ ने यह भी कहा कि एसएमओ डॉ.सूबे सिंह का मोबाइल फोन बंद है और संपर्क होने पर उनसे पूरी जानकारी ली जाएगी।   

टार्च और मोमबत्ती की रोशनी में इलाज
झांसा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने के कारण शाम ढलने के साथ ही अंधेरा छा जाता है। इस दौरान इमरजेंसी हालत में यदि कोई यहां पहुंचता है तो उसका इलाज टार्च और मोमबत्ती की रोशनी में किया जाता है। ऐसे में सबसे ज्यादा खतरा इमरजेंसी मरीजों के लिए बढ़ गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें