शहर की अवैध कॉलोनियों में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवरेज लाइन बिछाने का मामला
घरौंडा। शहर की अवैध कॉलोनियों में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवरेज लाइन बिछाने के मामले में विजिलेंस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। वीरवार को विजिलेंस की टीम घरौंडा पहुंची और संबंधित वार्डों तथा कॉलोनियों का दौरा कर सीवरेज व्यवस्था की बारीकी से जांच की। टीम के अचानक पहुंचने से जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में हलचल का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, शहर के पार्षद प्रतिनिधि विभोर गुप्ता ने जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से अवैध कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने की शिकायत चंडीगढ़ विजिलेंस विभाग में दी थी। विजिलेंस के एसडीओ ध्रुव कुमार के नेतृत्व में टीम घरौंडा पहुंची। अधिकारियों ने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में संबंधित मामले की जानकारी लेने के बाद उन वार्डों और कॉलोनियों का निरीक्षण किया, जहां सीवरेज लाइन बिछाने का काम किया गया था। टीम ने वार्ड नंबर 17 स्थित अनोखा कॉलोनी सहित अन्य कॉलोनियों का दौरा किया। इस दौरान गलियों में बिछाई गई सीवरेज लाइन और संबंधित निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने मौके पर गलियों का निरीक्षण करते हुए यह जानने का प्रयास किया कि संबंधित क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था किस प्रकार विकसित की गई है और निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन हुआ है या नहीं।
मौके पर पहुंचे पार्षद कपिल राणा ने आरोप लगाया कि शहर की कुछ अवैध कॉलोनियों में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवरेज लाइन बिछाने पर लाखों रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सरकारी धन के इस्तेमाल और निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी जिम्मेदारी
विजिलेंस टीम के अधिकारी ध्रुव कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर अवैध कॉलोनियों में बिछाई गई सीवरेज लाइनों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर संबंधित पहलुओं की जांच की गई है। जांच के बाद पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी।