सेक्टर 12 में सीसीटीवी कैमरे उतरते कर्मचारी। अमर उजाला
करनाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करनाल दौरे के लिए शहर में की गई तीसरी आंख शुक्रवार को बंद हो गई। पांच नवंबर को हुई लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा के रूट से लेकर जनसभा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगाए गए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे उतार लिए गए हैं।
जिस सेक्टर-12 मार्ग पर पदयात्रा के दौरान हर खंभे से निगरानी की जा रही थी, वहां अब कैमरों का पहरा खत्म हो चुका है। खास बात यह है कि ये कैमरे दिवाली से पहले ही उतार लिए गए। इससे साफ है कि सुरक्षा के लिए की गई यह पूरी व्यवस्था वीआईपी कार्यक्रम तक ही सीमित थी। अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
आम दिनों में भी जरूरी है निगरानी
वीआईपी कार्यक्रम संपन्न होते ही कैमरे उतार लिए गए। अब सेक्टर-12 मार्ग पर पहले जैसी निगरानी व्यवस्था नहीं है। यह शहर का प्रमुख मार्ग है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और लोग गुजरते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या शहर की सुरक्षा और निगरानी के लिए सीसीटीवी की जरूरत सिर्फ बड़े नेताओं के दौरे के समय ही महसूस होती है। हालांकि सेक्टर-12 टी-प्वाइंट पर प्रशासन के स्थायी सीसीटीवी लगे हुए हैं।