करनाल। पुलिस लाइन में शनिवार को करनाल मंडल पुलिस महानिरीक्षक शिबास कविराज ने पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया, पुलिस अधीक्षक कैथल राजेश कालिया व पुलिस अधीक्षक पानीपत लोकेन्द्र सिंह के साथ करनाल रेंज के तीनों जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत पकड़े गए मादक पदार्थों (चुरापोस्त, गांजा, चरस, स्मैक, सुल्फा, सीरप, कैप्सुल, गोलियां, कैंफर, अफीम मिक्सचर, इनटाक्सीन पाउडर और हेरोइन) के मालखाना के रजिस्टर के अनुसार निरीक्षण किया। इसमें पुलिस करनाल के जनवरी 2021 से दिसंबर 2024 तक के एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 105 मामले पकड़े गए। 682.159 किलो व 122777 नशीले कैप्सूल और 249095 नशीली गोलियां, पुलिस पानीपत द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 112 मामलों में 318.841 किलोग्राम मादक पदार्थ व 5920 नशीले इंजेक्शन और कैथल पुलिस द्वारा दर्ज 36 मामलों में पकड़े गए नशीले पदार्थों का निरीक्षण किया गया। पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन व सभी ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में तीनों जिलों के इन मादक पदार्थों को जिला पुलिस लाइन करनाल में एक सुरक्षित स्थान पर रखकर सील किया गया। आईजी ने कहा कि जल्द ही कमेटी के सभी सदस्यों की निगरानी में इन मादक पदार्थों का बजीदा स्थित वेस्टज फैक्ट्री में निपटारा किया जाएगा। संवाद