संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। वीरवार सुबह पश्चिमी यमुना नहर में फिर से गोवंश के पांच कटे हुए अवशेष मिलने पर गोरक्षा दल के सदस्य और स्थानीय लोग भड़क गए। इन्होंने करनाल-यमुनानगर राजमार्ग पर अदालत परिसर के सामने कटे शीश रखकर धरना दे दिया।
प्रदर्शन और हंगामे के कारण हाईवे का करीब ढाई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन भीड़ को शांत नहीं कर पाए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सुबह नौ बजे गोरक्षा दल के सदस्य मोनू राणा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं लेकिन दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलता तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। सूचना मिलते ही पहले थाना प्रभारी विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सतीश गौतम, सीआईए-1 के इंस्पेक्टर संदीप और सीआईए-3 की टीम भी मौके पर पहुंची फिर भी प्रदर्शनकारी मांगों पर अड़े रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लगभग 11 बजकर 15 मिनट पर इंद्री के एसडीएम अनिल यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोरक्षा दल और स्थानीय प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं। इस दौरान लोगों ने चार मांगें एसडीएम के सामने रखीं। एसडीएम द्वारा चारों मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का लिखित आश्वासन देने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोलने पर सहमति जताई। करीब साढ़े 11 बजे यातायात सामान्य हो सका। व्यस्त मार्ग पर जाम के कारण थोड़ी ही देर में दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग वैकल्पिक रास्ते तलाशते दिखाई दिए।
एसडीएम के सामने रखीं मांगें-
- गोहत्या के दोषियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए।
- इंद्री क्षेत्र की गोशालाओं की जांच कराई जाए।
- शहर व नहर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
- अवैध रूप से बनी झुग्गी-झोपड़ियों की जांच कर कार्रवाई की जाए।
बुधवार को भी मिले थे अवशेष
गोरक्षा दल से जुड़े मोनी कालीरमाना का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व बुधवार को भी नहर में गोवंश के 7 अवशेष मिले थे जिनमें पशुओं के सिर और पैर शामिल थे। इससे पहले निगदू क्षेत्र में नहर से गोवंश के अवशेष पाए गए थे। तब भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।
-
वर्जन
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सतीश गौतम, पुलिस उपाधीक्षक, इंद्री
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। नगरपालिका प्रस्ताव पारित कर शहर में जल्द सीसीटीवी कैमरे लगवाएगी। - राकेश कुमार, नपा चेयरमैन