करनाल। बलड़ी बाइपास के पास पुलिस ने गोरक्षा दल की सूचना पर गोवंश से भरा ट्रक पकड़ा। ट्रक में 16-17 गाय और बछड़े ठूंसकर भरे हुए थे। पुलिस ने ट्रक चालक जहीर अहमद निवासी बरेली और साथ बैठे व्यक्ति मांगे राम निवासी सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिव कॉलोनी निवासी अरविंद ने थाना सदर पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी है। इसमें बताया गया है कि वह गोरक्षा दल से जुड़े हैं। उन्हें सूचना मिली थी कि अंबाला की तरफ से एक ट्रक में गोवंश भरकर करनाल के रास्ते दिल्ली की ओर ले जाए जा रहे हैं। वह अपने साथी संदीप राणा, कुलदीप, नवीन के साथ बलड़ी बाइपास पहुंचे। डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया।
शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक को पुलिस की मदद से रुकवाया गया। ट्रक का नंबर एचआर 58 बी 6348 था। अंदर 16-17 गाय और बछड़े ठूंसकर भरे मिले। कुछ पशु घायल थे। थाना प्रभारी तरसेम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और गोवंश को कहां से लाया गया था। कहां ले जाया जा रहा था, इसका पता लगाया जा रहा है।
आगे चल रही कार की भूमिका की जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ट्रक के आगे पंजाब नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार चल रही थी, जो रास्ते की निगरानी कर रही थी। उसने कार सवारों की भूमिका की जांच की मांग की है।