करनाल। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में कैथलैब शुरू होगी। इसके अलावा पुराने शहर में चल रही गुड़ मंडी को भी यहां से शिफ्ट किया जाएगा, इसके लिए प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इन दोनों विषयों को हरियाणा विधानसभा में सत्र के दौरान विधायक जगमोहन आनंद ने उठाया। जिस पर स्वास्थ्य और कृषि मंत्री ने जवाब दिया।
विधायक के सवाल का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि करनाल में कैथलैब की निविदा प्रक्रिया चल रही है। आश्वासन दिया कि इस प्रक्रिया को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद विधायक ने करनाल में गुड़, दाल, मसाला और चारा मंडी के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने याद दिलाया कि इन मंडियों के लिए 16 जुलाई 2025 को अधिसूचना जारी की गई थी लेकिन निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हुआ। इस पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने पुष्टि की कि मंडियों के लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है। इन मंडियों में बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने हेतु प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। मंडियों का निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान शुरू होने की संभावना है।
फार्मा पार्क की अधिसूचना नहीं...
प्रश्नकाल में विधायक जगमोहन आनंद ने एक हजार एकड़ में फार्मा पार्क स्थापित करने की अधिसूचना पर सवाल उठाया। इस पर उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह से स्पष्ट किया कि अब तक इस संबंध में कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई। इसलिए समय सीमा का प्रश्न ही नहीं उठाता।