ऑडिट टीम की जांच के दौरानप उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम में लाखों रुपये का फर्जीवाड़ा होने का मामला सामने आया है। निगम ने चार लाख 57 हजार रुपये का फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद कैशियर को निलंबित कर दिया गया है।
बिजली निगम के अनुसार बृजलाल बतौर कैशियर वर्ष 2020-21 के दौरान घरौंडा सिटी डिविजन में तैनात था। आडिट टीम ने जब बिजली निगम से संबंधित सभी दस्तावेजों व खातों की जांच की तो पता चला कि आरोपी ने बोगस पोस्टिंग की हुई थी। उपभोक्ताओं के बिजली बिल की रसीद के अलावा 31 ऐसी प्रविष्टियां पाई गई जो बोगस थी। इसमें 4 लाख 57 हजार की राशि बृजलाल ने 31 उपभोक्ताओं के खातों में बढ़ाई हुई थी। ये राशि बिजली निगम के खाते में जमा होनी थी, लेकिन उपभोक्ता खातों में बढ़ा दी गई। आडिट में गड़बड़ी मिली तो इस मामले में निगम के अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए कैशियर को निलंबित कर दिया।
करनाल के एक्सईएन धर्म सुहाग ने बताया कि आडिट टीम ने 4.57 लाख रुपये की गड़बड़ी पकड़ी है। फर्जीवाड़े के इस मामले में कैशियर को निलंबित कर दिया गया है। जिस समय ये अनियमितता हुई उस समय आरोपी हैड कैशियर के तौर पर सिटी डिवीजन में तैनात था।