माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। निसिंग थाना क्षेत्र के बरास गांव स्थित एक देसी शराब के ठेके पर बदमाश ग्राहक बनकर आए और पिस्तौल दिखाकर लाखों रुपये की नकदी व शराब लूटकर ले गए। जाते-जाते बदमाशों ने सेल्समैन के सिर पर बीयर की बोतल मारकर घायल कर दिया।
कैथल जिले के बाकल गांव निवासी पीड़ित राजबीर ने बताया कि वह निसिंग क्षेत्र के धौला कुआं (बरास) के पास स्थित देसी शराब के ठेके पर सेल्समैन कार्यरत है। 24 अप्रैल की रात 10 बजे वह रोज की तरह ठेका बंद कर अंदर सो गया था। अल सुबह करीब 3:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने दरवाजा खटखटाया और बीयर की पेटी मांगी। राजबीर ने उसे बताया कि पेटी की कीमत 1800 रुपये है, जिस पर उसने 1500 रुपये दिए और बाकी 300 रुपये देने के बहाने वहीं रुक गया।
राजबीर के अनुसार, तभी पांच-छह अन्य लोग ठेके के गेट पर पहुंचे। उन्होंने पहले फाइबर शीट को तोड़ा फिर गेट का कुंडा खोलकर अंदर घुस आए। अंदर आते ही उन्होंने पिस्तौल तान दी और धमकी दी कि यदि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। डर के कारण राजबीर चुप रहा, इसी बीच हमलावरों ने ठेके में रखी नकदी और शराब की बोतलें लूट लीं।
लूटपाट के दौरान हमलावर ठेके से करीब 15,000 रुपये नकद, बीयर की एक पेटी, 26 बोतल महंगी ब्रांड की शराब, 28 बोतल ब्लेंडर प्राइड, 40 बोतल रॉयल रेंज और तीन पेटी देसी शराब लेकर फरार हो गए। इसके अलावा वे ठेके से इनवर्टर और बैटरी भी उठा ले गए। भागने से पहले उन्होंने राजबीर के सिर पर बीयर की बोतल दे मारी, जिससे वह घायल हो गया।
थाना निसिंग के जांच अधिकारी अनिल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।