माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। निसिंग में शनिवार देर रात चोरों ने एक कपड़े की दुकान और उसके ऊपर बने पार्लर को निशाना बनाकर नकद रकम और महंगे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोंदर निवासी दुकानदार नरेश कुमार ने बताया कि उसकी छाबड़ा क्लाथ हाउस नाम से मेन रोड निसिंग पर कपड़ों की दुकान है। 16 अगस्त की रात वह दुकान बंद कर घर चला गया था। अगली सुबह 17 अगस्त को जब उसने दुकान खोली तो गल्ले का ताला टूटा मिला। जांच करने पर गल्ले से करीब 1500 रुपये नकद और कई कीमती कपड़े गायब थे।
दुकान के ऊपर पार्लर भी है। वहां चोरों ने ताले तोड़कर 70 हजार रुपये नकद और लगभग 30 हजार रुपये का कॉस्मेटिक का सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान में फेशियल किट, स्टैटनर, सीरम, एसपीएफ बोतलें, री-ग्लो और थर्मल वाटर जैसे महंगे प्रोडक्ट शामिल हैं। नरेश कुमार का कहना है कि चोर दूसरी दुकान से चढ़कर पार्लर तक पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे।
इसके बाद उन्होंने गल्लों को निशाना बनाया और सामान व नकदी लेकर भाग गए। वारदात की सूचना मिलते ही थाना निसिंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसआई गुरबचन ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके।