संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर के मीरा घाटी चौक पर एटीएम बूथ में रुपये निकालने पहुंचे सेक्टर-16 निवासी सुखदेव के खाते से 45 हजार 400 रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए गए। रुपये निकालने के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया था। मदद के लिए बूथ के अंदर लिखे मोबाइल नंबर पर फोन किया। उन्होंने मशीन में फिर से एटीएम पिन डालने के लिए कहा। जब कार्ड नहीं निकला तो दोपहर में आने के लिए कहा। दोपहर में वहां कोई नहीं मिला।
सुखदेव ने बताया कि शुक्रवार की सुबह मीरा घाटी स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ में घटना हुई। कॉल उठाने वाले ने दोबारा से मशीन में एटीएम कार्ड का पिन नंबर डालने के लिए कहा। उन्होंने पिन डाला। रुपये निकले और न ही कार्ड बाहर आया। इस पर काॅल पर दूसरी ओर से कहा गया कि उनकी ड्यूटी 12 बजे शुरू होगी। वह 12 बजे आ जाएं, उनका एटीएम कार्ड दे दिया जाएगा। दोपहर में पहुंचे तो मशीन में कार्ड नहीं था। अंदर लिखे नंबर वाला कागज भी हटा हुआ था। उन्होंने अपना खाते का बैलेंस चेक किया तो खाते से 45 हजार 400 रुपये कट गए थे। उनके पास रुपये निकाले जाने का कोई मैसेज भी नहीं आया। इसके बाद बैंक जाकर जानकारी ली तो पता लगा फोन पर पिन पूछने वालों ने उसके खाते से राशि निकाली है। उन्होंने अपना एटीएम कार्ड बंद करवा दिया है। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी है।
थाना शहर पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में मामला धोखाधड़ी का पाया गया है। पुलिस के साथ बैंक की तकनीकी टीम भी जांच कर रही है।