माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। इंद्री रोड स्थित न्यू बस स्टैंड के सामने शुक्रवार रात को लगाए गए पुलिस नाके को एक कैंटर चालक ने तोड़ते हुए नाके पर खड़े पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। चालक ने न केवल बैरियर में टक्कर मारी बल्कि पास खड़ी एक अन्य गाड़ी को टक्कर मारी और भाग गया।
मामले में थाना सदर पुलिस में तैनात एसआई तरसेम चंद ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार वे शुक्रवार रात 10 बजे से सुबह 10 बजे तक अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ नाके पर तैनात थे। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे एक तेज रफ्तार अशोक लीलैंड कैंटर इंद्री की ओर से आया। ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल यशपाल सिंह ने हाथ में टॉर्च दिखाकर उसे रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने पुलिस बैरियर में टक्कर मार दी और पुलिस कर्मचारियों को कुचलने की नीयत से वाहन तेजी से भगा दिया। पुलिसकर्मियों ने साइड में कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद कैंटर चालक ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को भी पीछे से टक्कर मारी। इससे कार में काफी नुकसान हुआ। थाना सदर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब आरोपी की तलाश जारी है।