करनाल। वन विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर नाकाबंदी कर खैर की लकड़ी से भरा एक कैंटर पकड़ा है। आरोपी मौके से भाग गए। इंद्री थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायत में जगाधरी के मुजादवाला बीट के वन रक्षक अनुज कुमार के अनुसार 12 मार्च को सुबह पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि वन्य प्राणी विहार खिल्लावाला आंबवाली बागपत व खोल फतेहगढ़ जंगल से खैर के पेड़ काटे गए हैं। लकड़ी के उन टुकड़ों को जाटावाला गांव में दाउद, इरसाद, जांटावाला डारपुर गांव जिला यमुनानगर व अन्य ने अपने घर में छुपाया है। जिन्हें वह एक कैंटर में भरकर बचने के लिए गढ़ी बीरबल के रास्ते से करनाल की तरफ जाएंगे।
इस सूचना पर वन रक्षक सुरेंद्र, राजेंद्र सिंह, वन दरोगा संजीव कुमार, अंकित कुमार, वन रक्षक योगेश कुमार व मान सिंह के साथ गढ़ी बीरबल की तरफ चल दिए। इस बारे में पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद कलसोरा के समीप नाकाबंदी तो सुबह सात बजे एक कैंटर गढ़ी बीरबल की तरफ से आता दिखाई दिया। नाकाबंदी देख कर आरोपी कैंटर को वहीं छोड़ गए और भाग गए। उसके कैंटर में वही खैर की लकड़ी के टुकड़े थे।