संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कैंसर मरीजों को अब कीमोथेरेपी के लिए जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। जिला नागरिक अस्पताल में यह सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही अस्पताल में छह बैड का डे-केयर कैंसर सेंटर शुरू करने जा रहा है। डीजीएचएस को दवा और जरूरी उपकरणों की डिमांड भेज दी गई है।
अब तक कैंसर के मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए अंबाला, चंडीगढ़, दिल्ली के सरकारी अस्पतालाें में जाना पड़ता है। करनाल में कुछ निजी अस्पतालों में सुविधा है लेकिन खर्चा अधिक है। जिला नागरिक अस्पताल में डे-केयर कैंसर सेंटर शुरू होने से मरीजों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। सेंटर में अत्याधुनिक बायो-सेफ्टी कैबिनेट लगाया जाएगा, जिसकी कीमत करीब चार लाख रुपये है। यह मशीन कैंसर मरीजों को संक्रमण से बचाएगी। इसके अलावा अन्य आवश्यक उपकरण भी सेंटर में लगाए जाएंगे। जिला स्वास्थ्य विभाग ने इन उपकरणों की डिमांड डीजीएचएस को भेज दी है।
अस्पताल के दूसरे तल पर सेंटर बनाया जाएगा। मरीजों के लिए सेंटर में मेडिकल ऑफिसर, नर्स, स्पेशलिस्ट डॉक्टर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट की टीम तैनात की जाएगी।
स्तन कैंसर के मामले अधिकएनसीडी रिपोर्ट के अनुसार, जिले में मरीजों में 50 प्रकार का कैंसर मिला है। वर्ष 2024 में कैंसर के 890 मरीज सामने आए थे। जनवरी 2025 से अब तक 801 मरीज मिल चुके हैं। कैंसर मरीजों में सबसे अधिक स्तन कैंसर के मामले हैं। इनकी संख्या 206 है, जो शुरुआती और दूसरी स्टेज में शामिल हैं। इसके अलावा, गले और मुंह के कैंसर के इस साल 90 मामले दर्ज हुए हैं। ये पिछले साल 148 थे। पेट, सर्वाइकल, ब्रेन ट्यूमर, मूत्राशय, गुर्दा, लिंफोमा, फेफड़े, अग्नाशय और प्रोस्टेट जैसे कैंसर भी प्रमुख रूप से पाए जा रहे हैं।
-जिला नागरिक अस्पताल में छह बैड का डे-केयर कैंसर सेंटर जल्द शुरू किया जाएगा। दवा और उपकरणों की डिमांड भेजी गई है। इससे जिले और बाहर के मरीजों को कीमोथेरेपी की सुविधा यहीं पर मिल सकेगी। -डॉ. दीपक गोयल, जनसंपर्क अधिकारी जिला नागरिक अस्पताल