- आयुक्त कार्यालय के साथ ही सामुदायिक केंद्रों में सोमवार से शिविर शुरू
- निगम अधिकारियों से कहा, प्राॅपर्टी आईडी की त्रुटियों को जल्द दुरुस्त किया जाए
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सेक्टर-6 के सामुदायिक केंद्र में जनसंवाद कार्यक्रम में प्राॅपर्टी आईडी की त्रुटियों के संबंध में निगम अधिकारियों से कहा कि इन त्रुटियों को जल्द दुरुस्त किया जाए। जब तक सभी त्रुटियां सही नहीं हो जाती हैं, लगातार शिविर लेंगे। आयुक्त कार्यालय और सामुदायिक केंद्रों में सोमवार से लगातार शिविर लगेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने सामुदायिक केंद्र में स्केटिंग रिंग का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने जनसंवाद में आमजन से अपील की कि जिन लोगों ने प्रॉपर्टी आईडी के पोर्टल पर स्वयं को स्व सत्यापित नहीं किया है, वह इसे करा लें। यह काम बेहद आसान है, इसे मोबाइल के माध्यम से पोर्टल को खोलकर भी पूरा किया जा सकता है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रॉपर्टी आईडी की किसी भी शिकायत को बिना ठीक किए रद न करें।
जनसंवाद में उन्होंने कहा कि मेरठ रोड पर सेक्टर-6-5 को जोड़ने वाले रास्ते पर फ्लाईओवर और अंडरपास के निर्माण की दिशा में काम चल रहा है। जल्द मंजूरी मिल जाएगी। रहन-सहन में सुगमता के लिए इज ऑफ डूइंग (काम कराने में आसानी) लागू किया है। अब ट्रांसफर के लिए कर्मचारियों को मंत्रियों-विधायकों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। परिवार पहचान पत्र में कुछ कठिनाइयां जरूर पेश आ रही हैं, जिनका समाधान किया जा रहा है। आज बुढ़ापा पेंशन की राशि बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है। इस मौके पर वार्ड-8 की पार्षद मेघा भंडारी, सीईओ जिला परिषद गौरव, भाजपा के प्रदेश महामंत्री वेदपाल, पूर्व विधायक रमेश कश्यप, मंडल प्रभारी कुलदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।
गुरुनानक पुरा में 18 करोड़ की लागत से बन रहे एसटीपी की सौगात करनाल। मुख्यमंत्री ने वार्ड-18 के सामुदायिक केंद्र में आयोजित जन संवाद में लोगों को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर गुरु नानकपुरा के लोगों को 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एसटीपी की सौगात दी। वार्ड-18 की कॉलोनी गुरु नानकपुरा निवासियों के लिए सीवरेज का उचित प्रबंध करने के उद्देश्य से आठ एमएलडी क्षमता का एसटीपी बनाने के साथ समस्या से मुक्ति मिलेगी। सीवरेज की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, सीनियर डिप्टी मेयर राजेश अग्गी, वार्ड-18 के पार्षद हरीश कुमार बिट्टू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।