शहर के एक व्यापारी की कार का शीशा तोड़ कर साढे़ पांच लाख रुपये उड़ा दिए गए। जानकारी होते ही डीएसपी राजकुमार थाना शहर प्रभारी रणधीर सिंह के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए इंटर स्टेट वीटी पर घटना का संदेश प्रसारित करने के साथ पूरे शहर में नाकाबंदी की, लेकिन समाचार लिखा जाने तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा। घटना शाम को करीब साढे़ सात बजे की बताई जा रही है।
नावल्टी रोड पर जैन-को पाइप की दुकान के बाहर मालिक सुरेंद्र जैन की कार खड़ी थी। दुकान बंद करने से पूर्व उनके ड्राइवर बहादुर ने कार में मालिक के कहने के बाद साढे़ पांच लाख रुपये से भरा बैग कार में रखा था। अभी नौकर मालिकों के पास ही खड़ा था कि मात्र दो चार मिनट में ही चकमा देकर किसी ने कार का शीशा तोड़ कर रुपये से भरा बैग साफ कर दिया।
दुकान मालिक कार के पास पहुंचा तो कार का शीशा टूटा देख और बैग साफ हुआ देख उसके पैरों की जमीन खिसक गई। घटना की जानकारी होते ही पुलिस को सूचना दी गई। डीएसपी राजकुमार के अनुसार दुकानदार का कहना है वह दिन में सवा छह लाख रुपये एचडीएफसी बैंक से लेकर आए थे।
इसमें से 75 हजार रुपये की पेमेंट किसी को दे चुके थे। बाकी का साढे़ पांच लाख रुपये किसी को देना था, जो किसी ने कार का शीशा तोड़ कर उड़ा लिए। इस मामले में एसपी अभिषेक गर्ग स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे है। सीआईए की टीम भी लगाई गई है।