- दो बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर में लूटपाट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। तीन दिन पहले अनाज मंडी के मुनीमों से 18 लाख रुपये की नकदी बदमाश छीन ले गए थे। अब एक और व्यापारी से मीनार रोड स्थित टी-प्वाइंट पर बदमाशों ने 53 हजार रुपये की नकदी और आईफाेन लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली।
आरके पुरम निवासी अश्विनी ने बताया कि उनकी मेहता फार्म हाउस के सामने स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। वह वाहनों की खरीद-फरोख्त का काम करता है। शुक्रवार देर शाम वह दुकान बंद करने के बाद बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही व्यापारी मीनार रोड स्थित टी-प्वाइंट के पास पहुंचा बाइक सवार दो युवकों ने रोक लिया। एक बदमाश ने सिर पर नुकीली वस्तु से वार किया और व्यापारी की जेब से 53 हजार रुपये व पर्स छीन लिया। वारदात के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग निकले। शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद