संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/घरौंडा। मधुबन स्थित पुलिस काॅम्पलेक्स के सामने रविवार देर रात को 11:30 बजे दो कैंटर और हिमाचल रोडवेज की बस की भिड़ंत में करीब 10 लोग घायल हो गए। हादसे में क्षतिग्रस्त कैंटर में चालक करीब डेढ़ घंटे तक फंसा रहा। क्रेन की मदद से उसे निकाला गया। हादसे के बाद हाईवे की एक लाइन पर लंबा जाम लग गया। वाहनों को सर्विस लेन से रूट डायवर्ट कर निकाला गया। रात को लगा जाम सुबह 7:30 बजे तक रहा।
प्रत्यक्षदर्शी सुनील, सुरेंद्र, ईसम सिंह ने बताया कि दिल्ली जाने वाला एक कैंटर अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में जा पहुंचा। दिल्ली की तरफ से आ रहे स्क्रैप से भरे कैंटर से उसकी टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही हिमाचल रोडवेज की बस भी कैंटर से जा टकराई। बस में कम ही यात्री सवार थे। हादसे में तीनों वाहनों में सवार करीब 10 लोग घायल हो गए।
घायल मुकेश, सतीश, सेवा सिंह सहित अन्य को अलग-अलग अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हादसे में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त होने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मधुबन थाना प्रभारी गौरव पुनिया मौके पर पहुंचे। हाईवे पर सुबह साढ़े सात बजे तक जाम की स्थिति रही। वाहनों को डायवर्ट करके निकाला गया।
डीएसपी राखी विश्वकर्मा ने बताया कि मधुबन के पास रात को हादसे में दो कैंटर और हिमाचल रोडवेज की बस हादसे में क्षतिग्रस्त हो गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई है।
-
हादसे के एक घंटा बाद पहुंची क्रेन
रविवार रात को हुए हादसे में कैंटर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। चालक अंदर फंस गया था। स्थानीय लोगों ने कैंटर चालक को निकलने का काफी प्रयास किया लेकिन निकल नहीं पाया। हादसे के करीब एक घंटे बाद क्रेन मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे के बाद क्रेन की सहायता से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल में दाखिल करवाया गया।