- मेडिकल कॉलेज फेज-2 : सर्जरी ओटी, 300 बेड का अस्पताल, 150 बेड का ट्रामा, छात्रावास और सामुदायिक केंद्र का होगा निर्माण
- 169.58 करोड़ की परियोजना का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के फेज-2 का शनिवार को शिलान्यास किया। इसके बनने से जिले के लोगों को अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर सहित कई तरह की स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। यहां अत्याधुनिक मशीनें आने से गंभीर मरीजों को दिल्ली या चंडीगढ़ रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, उनका यहीं पर उपचार कर जान बचाई जा सकेगी।
करीब 169.58 करोड़ की परियोजना के तहत मेडिकल कॉलेज में सर्जरी के लिए अलग से विशेष ओटी बनेगा। इसके अलावा 300 बेड का अस्पताल, 150 बेड का अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर, छात्रावास और सामुदायिक केंद्र सहित कई तरह के अलग-अलग भवन बनेंगे। खास बात यह है कि अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर की टीम भी अलग होगी। टीम में न्यूरो सर्जन, फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक सर्जन, एनेस्थीसिया सहित अन्य चिकित्सकों की टीम होगी जो तैयार रहेगी।
वर्तमान में स्थिति यह है कि ट्रामा सेंटर में भीड़ अधिक रहती है। मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर बनने के बाद हाॅल में ही चल रही इमरजेंसी का बोझ कम हो जाएगा, क्योंकि सड़क हादसों में घायलों को फिलहाल इमरजेंसी में भेजा जा रहा है। जिससे इमरजेंसी में दाखिल अन्य मरीजों को सुविधा देने में देरी हो रही है। इसके अलावा इमरजेंसी से पीजीआई रेफर होने के मामलों में कमी आएगी।
एकल भूतल पार्किंग की मिलेगी सुविधा
मेडिकल कॉलेज के नए परिसर में सिंगल बेसमेंट पार्किंग की सुविधा मिलेगी। जिससे भूतल पर गेट या अन्य परिसर में वाहन नहीं खड़े किए जा सकेंगे। जिससे ट्रामा सेंटर में आने वाली एंबुलेंस या मरीजों को लेकर आने वाले वाहनों को रास्ता मिल सकेगा। चूंकि अधिकतर अस्पतालों की इमरजेंसी के बाहर गलत तरीके से वाहन खड़े होने के कारण एंबुलेंस के आने-जाने में परेशानी होती है। जिसको देखते हुए यहां पर बेसमेंट पार्किंग रखी जाएगी।
एनिमल हाउस और बायो मेडिकल वेस्ट प्लांट बनेगा
बेसमेंट सहित पांच मंजिला ट्रामा सेंटर कम अस्पताल भवन, परीक्षा हॉल व कौशल लैब, एकल भूतल पार्किंग, आठ मंजिला लड़कों का हॉस्टल, आठ मंजिला लड़कियों का हॉस्टल, आठ मंजिला प्रोफेसर कमरे, नौ मंजिला एसोसिएट प्रोफेसर कमरे, नौ मंजिला सहायक प्रोफेसर कमरे, एक मंजिला क्लब हाउस/सामुदायिक केंद्र, एक मंजिला खेल संकाय, पशु घर, बायो मेडिकल वेस्ट प्लांट, वर्कशॉप, एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट), ईटीपी (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) भवन का निर्माण शामिल हैं।
यूनिवर्सल स्वास्थ्य बीमा से मिली सुरक्षा : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नागरिकों के लिए यूनिवर्सल हेल्थ इंश्योरेंस कवर करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। आयुष्मान भारत योजना पहले बीपीएल परिवारों के लिए थी। तीन लाख रुपये तक की आय वालों को योजना का लाभ दिलाने के लिए 1500 रुपये सालाना प्रीमियम निर्धारित किया। अब सरकार ने आय सीमा हटाकर सभी के लिए योजना लागू करने का निर्णय लिया है। छह लाख आय वालों को सालाना चार हजार और छह लाख से अधिक आय वालों को पांच हजार रुपये प्रीमियम अदा करना होगा। इस अवसर पर सांसद संजय भाटिया, विधायक हरविंद्र कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं शोध की एसीएस सुमिता मिश्रा, एचपीएचसी के एमडी आरसी मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के महानिदेशक साकेत कुमार मौजूद रहे।