दक्षिण हरियाणा की तरह अब उत्तरी हरियाणा के किसानों में भी अच्छी नस्ल के पशु पालने का रुझान दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
इसी कड़ी में रामनगर-156 के किसान ओमपाल भटली ने दो मुर्रहानस्ल की भैंसें पाल रखी हैं, जिनकी कीमत एक लाख रुपये से भी ज्यादा है। ये भैंसें इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। ओमपाल ने बताया कि उनका परिवार अग्रणी किसान परिवार रहा है।
परिवार में पशु पालन को विशेष महत्त्व दिया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पशुपालन के शौक के चलते उनके मन में अच्छी नस्ल के पशु पालने का सुझाव आया और अब उनके पास उच्च श्रेणी मुर्रहा नस्ल की दो भैंसें हैं। जो नैनो कार से भी मंहगी हैं।
उन्होंने बताया कि उन्होंने दोनों भैंसों के अलावा अन्य पशुओं के रहन-सहन के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। उन्होंने अपने किसान भाइयों से भी अपील की है वे खेती के साथ-साथ अच्छी नस्ल के पशु पालकर ज्यादा आर्थिक लाभ कमाने के अलावा क्षेत्र में अपनी पहचान भी बना सकते हैं।