संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नेहरू युवा केंद्र की ओर से जिला स्तरीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन पुरुष वर्ग में वॉलीबॉल मुकाबले हुए। कर्ण स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में निसिंग के ब्रास गांव की टीम प्रथम रही जबकि प्रतिद्वंद्वी नीलोखेड़ी की टीम दूसरे स्थान पर रही।
जिला युवा अधिकारी रेनू सिलग ने बताया कि नेहरू युवा केंद्र की ओर से हर साल जिला स्तर पर महिला व पुरुष वर्ग के विभिन्न खेलों के मुकाबले करवाए जाते हैं। प्रतियोगिता के द्वितीय एवं अंतिम दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं का समापन पुलिस वर्ग के वॉलीबॉल खेल के साथ हुआ। वॉलीबाॅल में विजेता रही ब्रास गांव की टीम व दूसरे स्थान पर रही नीलोखेड़ी की टीम को ट्रॉफी, टी-शर्ट व पदक देकर सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भी करनाल जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल सकता है।
विजेताओं को जिला युवा अधिकारी रेनू रानी, कोच कृष्ण पाल, कोच राजेंद्र व कोच बलजिंदर, कार्यक्रम सहायक पंकज गौड़ ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के आयोजन में युवा स्वयंसेवियों आशीष, सागर, राहुल, दिव्या, रंजना, रवीना व शुभम का भी सहयोग रहा।