करनाल। पश्चिमी यमुना नहर से जुंडला निवासी दीपक का शव मिला है। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। रविवार को दीपक, गुरमीत और विश्वास पार्टी करने गए थे। इसके बाद से गुरमीत तो घर पहुंच गया था। लेकिन विश्वास और दीपक लापता थे। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की थी। वहीं दो दिन पहले विश्वास का शव भी पानीपत के पास से नहर से मिला था।
दीपक के परिजनों के अनुसार 28 दिसंबर को गांव जुंडला निवासी तीन दोस्त गुरमीत, विश्वास और दीपक तीनों पार्टी करने के लिए करनाल गए थे। वे घोघड़ीपुर अड्डे पर खेत में बने ट्यूबवेल पर बैठ गए थे। वहां पार्टी के दौरान गुरमीत के घर से फोन आया तो वह घर पहुंच गया। इसके बाद विश्वास और दीपक वहीं रह गए। परिजनों ने जब उन्हें कॉल किया तो उन्होंने कॉल नहीं उठाया। परिजनों ने बताया कि विश्वास का फोन साढ़े सात बजे तक और दीपक का साढ़े नौ बजे तक चलता रहा। इसके बाद दोनों का फोन नहीं लगा। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। वीरवार को विश्वास का शव पानीपत से नहर से बरामद हुआ था जबकि शुक्रवार को दीपक का भी शव घोघड़ीपुर के पास नहर से मिला। परिजनों ने शनिवार को शव की शिनाख्त की। मधुबन थाना प्रभारी गौरव पुनिया ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। संवाद