पानीपत। एलपीजी सिलिंडर की कालाबाजारी बढ़ गई है। बाजार में 2500 से 3000 रुपये तक सिलिंडर के मांगे जा रहे हैं। इसके साथ छोटे सिलिंडर में रिफिलिंग के रेट भी ढाई से तीन गुना तक बढ़ा दिए हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग कालाबाजारी रोकने के लिए एक्शन में आ गया है। विभाग ने पांच नोडल अधिकारी लगाए हैं। इसके साथ इनके हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए हैं। लोगों से भी किसी प्रकार की कालाबाजारी की सूचना मिलने पर विभाग को सूचित करने की अपील की है।
पश्चिमी एशिया में तनाव की स्थिति के बाद एलपीजी गैस के व्यावसायिक सिलिंडर के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा रखा है। होटल व ढाबों के साथ फास्ट फूड की दुकानें बंद हो गई हैं। कुछ लोगों ने व्यवसायिक कार्य में घरेलू सिलिंडर का प्रयोग शुरू कर दिया है। ऐसे में घरेलू सिलिंडर की मांग और बढ़ गई है। लोग मनचाहे रेट मांगने लगे हैं और लोग भी कोई भी कीमत देने के लिए तैयार रहते हैं। ऐसे में कई जगह घरेलू सिलिंडर की कालाबाजारी की लगातार सूचना मिल रही हैं।
एजेंसियों पर कम नहीं हो रही लाइन
एजेंसियों पर गैस के लिए लाइन लगातार लंबी बनी हुई हैं। लोग पूरा दिन एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। लोग सुबह से दोपहर तक लाइन में लगे रहते हैं। इसके बाद सिलिंडर मिल पता है। जाटल रोड के अजमेर ने बताया कि वह शनिवार को सुबह नौ बजे सिलिंडर लेने गया था। उनको पहले एजेंसी और फिर गोदाम पर लाइन में लगना पड़ा। उनको दोपहर 12 बजे सिलिंडर मिला था। आरती ने बताया कि सिलिंडर लेने के लिए दो घंटे लाइन में लगना पड़ा।
यहां इनको लगाया नोडल अधिकारी
नाम पद सर्कल नंबर
श्यामलाल एएफएसओ पानीपत 7494932416
योगेन्द्र पुनिया एएफएसओ समालखा 8076432630
संजीव मेहरा एएफएसओ इसराना 9991328165
विकास रोहिला एएफएसओ मतलौडा 9991231102
रविन्द्र निरीक्षक बाबरपुर 9034612063
घरेलू सिलिंडर की कालाबाजारी नहीं है। ऐसे लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने जिले के पांचों सर्कल में एक-एक नोडल अधिकरी नियुक्त कर हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। व्यावसायिक प्रयोग में घरेलू सिलिंडर का प्रयोग मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिव्या, नियंत्रक, जिला खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रण।