भारतीय किसान यूनियन ने धान की सरकारी खरीद न होने पर मार्केट कमेटी के अधिकारियों का घेराव कर ऑफिस को ताला लगा दिया। यूनियन के पदाधिकारियों व किसानों ने धान के गिरते भाव को लेकर अपनी धान की फसल जलाकर रोष जताया और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों ने चेताया कि अगर 15 सितंबर तक सरकारी धान की खरीद शुरू नही हुई तो वे मार्केट कमेटी के कार्यालय के सामने अनशन शुरू कर देंगे। किसानों ने लगभग 1 घंटे तक ऑफिस के सामने बवाल काटा और बाद में मार्केट कमेटी के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। कमेटी के अधिकारियों ने किसानों को शीघ्र धान की खरीद करवाने का आश्वासन दिया।
शनिवार को लगभग 12 बजे भाकियू के जिला प्रधान अजय राणा के नेतृत्व में भारी संख्या में किसान नई अनाज मंडी में पहुंचे और धान की फसल का जायजा लिया। किसानों ने भाकियू के पदाधिकारियों को धान की सरकारी खरीद न होने की शिकायत की। इससे भाकियू के पदाधिकारियों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने मार्केट कमेटी के कार्यालय को ताला जड़ कर अधिकारियों को घेराव किया।
समस्याओं से अटी है मंडी : राणा
भाकियू के जिला प्रधान अजय सिंह राणा ने बताया कि धान की फसल मंडियों में कौड़ियों के भाव बिक रही हैं। जिससे किसानों को लागत मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी में धान की आवक काफी मात्रा में हो चुकी है, लेकिन सरकार ने अभी तक सरकारी खरीद भी शुरू नहीं की है। जिससे व्यापारी किसानों की फसल औने-पौने भाव खरीद रहे हैं।
मंडी में किसी भी प्रकार की सुविधा नहीं है, समस्याएं ज्यादा हैं। न किसानों के बैठने की व्यवस्था है और न ही ठहरने की। पीने के लिए पानी तक नहीं किसानों को मिलता। मंडी सुपरवाइजर अरविंद्र कुमार ने बताया कि धान की सरकारी खरीद न होने से भाकियू के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा है।
उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं को उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा और समस्या का समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर रोहतक मंडल के महासचिव सुलतान सिंह,ब्लॉक प्रधान सुक्रमपाल, शीशपाल शर्मा, कुलविंद्र, प्रवीण काजल, तरसेम, प्रेम काजल, जेपी शेखपुरा आदि लोग मौजूद रहे।