पिछले डेढ़ साल की भाजपा सरकार में करनाल के तमाम अधिकारियों को बदल दिया गया। अब पब्लिक से जुड़े हर विभाग में आला अधिकारी नए लगाए गए हैं। एक तरह से अब पूरे जिले की कमान नए अधिकारियों के हाथों में हैं। इनमें सुरक्षा से लेकर राजस्व व प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं। बता दें कि करनाल से विधायक मनोहर लाल के सीएम बनने के कारण सीएम सिटी में हर विभाग में अधिकारियों को चुन चुन कर लगाया गया था। बावजूद इसके ये अधिकारी भाजपा अधिकारियों को अखरते रहे। धीरे-धीरे करके उस समय से लगे तमाम अधिकारियों को दूसरे स्थानों पर बदल कर नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई।
बता दें कि हाल में ही आईएएस डॉ. जे गणेशन के स्थान पर नए डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने स्थान लिया है। इसी प्रकार, एडीसी गिरीश अरोड़ा के स्थान पर नए एडीसी धर्मसिंह ने कार्यभार संभाला है। गिरीश अरोड़ा का तबादला एक माह पहले हुआ था। उनके साथ ही एसडीएम राजीव मेहता को पानीपत भेजा गया, जबकि उनके स्थान पर करनाल में ही आरटीए रहे एचसीएस योगेश कुमार बतौर एसडीएम कार्यभार संभाला। पुलिस की बात करें तो एक माह पहले ही आईजी हनीफ कुरैशी के स्थान पर आईजी सुभाष यादव ने कार्यभार संभाला है। बिजली निगम की बात करें डीवीएस धनखड़ के स्थान पर जेके कांबोज ने कार्यभार संभाल रखा है। शिक्षा विभाग में तीन दिन पहले ही दिनेश कुमार शर्मा को यहां पर डीईओ लगाया गया है।
नए डीआरओ और तहसीलदार आए
वहीं, राजस्व विभाग में लगातार भ्रष्टाचार की शिकायतों के कारण डीआरओ सुभाष मेहता, तहसीलदार अश्वनी गंभीर को भी बदल दिया गया। सोमवार को उनके स्थान पर हिसार से डीआरओ राजबीर धीमान व श्यामलाल तहसीलदार के तौर पर कार्यभार संभाला है। बताया जाता है कि दोनों ही अधिकारियों की विभाग में विशेष छवि है और खासतौर पर उन्हें सीएम सिटी के लिए लाया गया है। बता दें कि राजस्व विभाग में रजिस्ट्री आदि को लेकर लगातार शिकायतें आ रही थी।
अन्य अधिकारी भी हैं टारगेट पर
सीएम सिटी में अधिकारियों पर भाजपा समेत आरएसएस के नेताओं की नजरें हैं। बताया जाता है कि पुलिस विभाग के कुछ अन्य अधिकारी भी अब भाजपा नेताओं के निशाने पर हैं। सूत्रों का कहना है कि कई अन्य अधिकारियों का चिट्ठा तैयार किया गया है, जल्द ही इसे सीएम को दिया जाएगा और अन्य अधिकारी भी नप सकते हैं। भाजपा नेताओं का दावा है कि बदलाव सीएम की घोषणाओं और प्रोजेक्टों को गति देने के लिए किया गया है।
वर्जन
सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देना ही हमारा उद्देश्य है। वहीं, सीएम की घोषणाओं व प्रोजेक्ट को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है और सभी को समय से पूरा किया जाएगा
मनदीप सिंह बराड़, डीसी करनाल।