करनाल। निकाय चुनाव को अब सिर्फ एक सप्ताह शेष है, सभी प्रत्याशी चुनावी रण में उतर चुके हैं। ऐसे में शहर की सरकार बनाने में बिरादरियों की भूमिका भी काफी अहम होने वाली है। हालांकि भाजपा के हौसले बुलंद हैं तो कांग्रेस ने करनाल नगर क्षेत्र में सबसे बड़ी मानी जाने वाली पंजाबी बिरादरी पर निगाहें टिका रखी हैं, वहीं गैरभाजपाई वर्ग को भी एकजुट करने की रणनीति पर कार्य शुरू कर दिया गया है। सत्तारूढ़ भाजपा ने पहले दो बार मेयर रह चुकीं वैश्य बिरादरी का बड़ा चेहरा मानी जाने वाली रेणू बाला गुप्ता को मैदान में उतारा है, उनके पास लोगों को बताने के लिए भी कई कार्य और उपलब्धियां भी हैं, क्योंकि पिछले 10 सालों से हरियाणा में भाजपा की सरकार है, करनाल के दो विधायक मुख्यमंत्री रहे हैं।
सीएम सिटी होने का फायदा करनाल को मिला है। सांगठनिक तौर पर भी भाजपा बूथ तक पहुंची हुई है।
जहां तक बिरादरियों की बात करें तो पंजाबी बिरादरी एक नंबर पर मानी जाती है, जिसका मतदाता करीब 55 हजार से अधिक बताए जाते हैं। दूसरे नंबर पर वैश्य बिरादरी भी आती है, उसके मतदाता भी 40 हजार से अधिक माने जाते हैं। यही कारण है कि कांग्रेस ने अपना मेयर पद का प्रत्याशी पंजाबी बिरादरी से उतारा है। भले ही कांग्रेस सांगठनिक तौर पर उतनी मजबूत न हो, लेकिन अब पार्टी चाहती है कि पंजाबी बिरादरी को एकजुट कर लिया जाए तो प्रत्याशी को बड़ा फायदा मिल सकता है।
यही कारण है कि कांग्रेस के प्रत्याशी और चुनाव समन्वयक समिति के नेता पंजाबी बिरादरी के बड़े चेहरों से संपर्क साध रहे हैं।
एक पंजाबी बिरादरी के प्रमुख पदाधिकारी ने बताया कि जब शहर में पंजाबी बिरादरी की बाहुल्यता है तो बिरादरी तो चाहेगी ही, शहर की सरकार पर भी पंजाबी बिरादरी का ही कब्जा हो। इसके लिए प्रयास भी किए जा रहे हैं। कांग्रेस भी पंजाबी बिरादरी के लोगों की इसी सोच को भुनाने के प्रयास में जुट गए हैं। हालांकि पंजाबी बिरादरी व उससे जुड़े संगठन अभी खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं, क्योंकि भाजपा ने पंजाबी बिरादरी से मनोहर लाल को सांसद और जगमोहन आनंद को विधायक बनवाया है।
दूसरी ओर जो कांग्रेस समर्थित वैश्य बिरादरी से जुड़े संगठन हैं, उनके नेताओं से भी कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील कराई जा रही है। हालांकि ये तो समय ही बताएगा कि पंजाबी बिरादरी, जो लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में भाजपा के साथ खड़ी दिखी थी, वह अपनी ही बिरादरी के कांग्रेस प्रत्याशी का कितना साथ देती है। दूसरी ओर वैश्य बिरादरी के प्रमुख चेहरे तो भाजपा प्रत्याशी रेणू बाला गुप्ता के साथ दिख रहे हैं।