करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग 709ए पर मंचूरी गांव के अड्डे के पास ट्रैक्टर ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार लाउंड्री संचालक जलमाना गांव निवासी अक्षय (20) की मौत हो गई। जबकि मृतक का दोस्त जलमाना निवासी दीपक घायल हो गया।
हादसा शनिवार रात को 7 बजे तब हुआ जब दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे। असंध थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शनिवार शाम को जलमाना गांव निवासी अक्षय अपने दोस्त दीपक के साथ बाइक पर सवार होकर गांव दादूपुर से शादी समारोह से अपने घर जा रहा था। रात को करीब 7 बजे दोनों मंचूरी गांव के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार से आए ट्रैक्टर ट्राॅली चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मारी दी। दोनों दोस्त सड़क पर जा गिरे। ट्रैक्टर अक्षय को कुचलते हुए ऊपर से निकल गया। आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर मंचूरी गांव की तरफ भगा ले गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को असंध के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने अक्षय को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके साथी दीपक को गंभीर चोट होने पर करनाल रेफर किया गया। परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए। असंध पुलिस थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि अक्षय के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक अक्षय के चाचा सोनू की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।