करनाल के हांसी रोड पर दोपहर को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल खड़े कैंटर में जा घुसी। जिससे मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस रखवाया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक सचिन (18) निवासी हकीकत नगर के बड़े भाई राहुल ने बताया कि उसका भाई सचिन व उसका दोस्त 18 वर्षीय प्रिंस निवासी सालीमार कॉलोनी गौशाला रोड पर फैक्टरी के अंदर डिस्पोजल कटोरी बनाने का काम करते थे।
उसने बताया कि सचिन के साथ होली खेलने के लिए उसका दोस्त प्रिंस भी घर पर आया था। दोपहर बाद बाइक पर सवार होकर वह किसी काम से हांसी चौक पर जा रहे थे। वह भी उनके साथ अलग मोटरसाइकिल पर था। हांसी चौक पर जब वह पहुंचे तो आगे सड़क पर एक कैंटर खड़ा था। जिससे उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई।
दो घरों में पसरा मातम
होली पर्व पर दो युवकों की मौत के बाद दो घरों में मातम पसर गया। घर में जहां होली खेली जा रही तभी तभी परिवार के एक सदस्य की मौत की सूचना आ गई। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।