माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले में वीरवार को भाई दूज का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बहनें तिलक लगाने खुद भाई के घर पहुंचीं, वहीं कुछ जगहों पर भाई बहनों के पास कपड़े व मिठाई लेकर पहुंचे और तिलक कराया। बहनों ने भाइयों को मिठाइयां खिलाकर तिलक करके भाई दूज की रस्म अदा की, वहीं बदले में भाइयों ने बहनों को रुपये व उपहार आदि देकर उनकी रक्षा का वचन दिया। बहनों ने भाइयों को लंबी आयु का आशीर्वाद दिया।
इस बार भाई दूज पर तिलक के लिए तीन शुभ मुहूर्त थे, ज्यादातर बहनों ने इन्हीं तीन समय पर भाई को तिलक किया। ज्योतिष के अनुसार, सबसे पहला मुहूर्त सुबह के समय था, इसके बाद दोपहर से पहले एक मुहूर्त था। इस समय पर अधिकतर बहनों ने तिलक किया। इसके अलावा शाम के समय भी एक मुहूर्त रहा।
मिठाई की दुकानों पर लगे टोकन
शहर की मिठाई की दुकानों पर खासी भीड़ रही। भीड़ होने पर लोगों की परेशानी न हो। इसके लिए मिष्ठान की दुकानों पर टोकन सिस्टम लगाया गया। जहां लोगों ने व्यवस्था के अनुसार मिठाई खरीदी। भाई दूज पर ज्वेलरी, गिफ्ट व कपड़ों की दुकानों पर भीड़ रही। महिलाएं जहां अपने लिए सामान खरीदती नजर आईं, वहीं पुरुष भी बहनों को गिफ्ट देने के लिए खरीदारी करते दिखाई दिए। इसके अलावा बेकरी और मिष्ठान भंडारों पर भी भीड़ लगी रही।