करनाल। एक्शन फिल्मों के बाद अब हरियाणवी फिल्म भगत सिंह एक अमर कथा युवाओं में देशभक्ति का जोश भरेगी। वैष्णवी फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस फिल्म की कर्ण नगरी में भी शूटिंग हो रही है। खास बात यह है कि नीलोखेड़ी के राहुल अभिनीत इसमें मुख्य किरदार निभा रहे हैं। जबकि करनाल शहर के रंगमंच के निर्देशक एवं अभिनेता कृष्ण कुमार मलिक भगत सिंह के पिता के रूप में पर्दे पर नजर आएंगे।
हरियाणा के विभिन्न जिलों के युवा इसमें किरदार निभा रहे हैं। इसी तरह शूटिंग भी हरियाणा के कई जिलों में होगी। निर्देशक कृष्ण कुमार मलिक ने बताया कि फिल्म की तीस प्रतिशत शूटिंग हुई है। अगले बीस दिनों में शूटिंग पूरी होने का अनुमान है। फिल्म को 15 अगस्त पर रिलीज करने की योजना है। शहीदे आजम भगत सिंह के जीवन पर आधारित इस फिल्म को हरयाणवी में बनाए जाने का यह पहला प्रयोग है।
फिल्म का प्रोडक्शन बलबीर आतिश देख रहे हैं और कैमरा (डीओपी ) दीपक सैनी ने संभाला है। इसके अतिरिक्त कुरुक्षेत्र से डॉ. आबिद अली, धर्मेंद्र सिंह डांगी, जसबीर जस्सी, अंबाला से जसबीर साही, करनाल से तहसीन खान अहम भूमिका निभा रहे हैं। वहीं अविनाश सैनी, कौशल, अंकित डिंगरा, कपिल शर्मा, कुश पंडित, डंकू, नरेंद्र औजला, हर्ष कक्कड़, निशा कक्कड़, बलबीर आतिश, सुखविंदर सिंह सोही, नाथी राम, लव, डॉ. निर्मल, सूरजभान और सोनू मेहरा भी फिल्म में दिखाई देंगे। ब्यूरो