दिवाली के दिन गांव रांवर में पड़ोसी की कही बात नहीं मानने को हुए विवाद में महिला का गर्भ गिर गया। शनिवार को महिला को मेडिकल कॉलेज में लाया गया, जहां पर मृत बच्चा पैदा हुआ। गुस्साए परिजनों ने पुलिस के खिलाफ रोष जताया। हालांकि, सूचना मिलते ही मधुबन पुलिस थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत किया। पीड़ित महिला का आरोप है कि पांच साल पहले भी जब वह गर्भवती थी तो उसके साथ मारपीट की गई थी, जिससे उस समय भी उसका गर्भ गिर गया था। मधुबन पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने झगड़े में रांवर गांव के छह लोगों पर मामला दर्ज कर लिया।
झगडे़ में घायल प्रेम सिंह वासी रांवर ने बताया कि 30 अक्तूबर को आपसी रंजिश के चलते गांव के छह लड़कों ने उनके परिवार पर गंड़ासी व लाठी डंडो से जानलेवा हमला कर दिया था। इससे उसके परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित ने बताया कि झगड़े में आरोपियों ने उसके भाई की पत्नी सुनील जोकि आठ माह से गर्भवती थी, उसे भी घायल कर दिया और झगड़े में उसके पेट पर लात मारी गई। मारपीट से घायल सुनील के गर्भ में पल रहे आठ माह के बच्चे की शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पांच साल पहले भी गिरा था गर्भ
सुनील के गर्भ में बच्चे की मौत प्रेम सिंह वासी रांवर ने बताया कि पांच साल पहले भी आरोपियों ने उनके साथ इसी तरह झगड़ा किया था। उस समय भी सुनील के गर्भ में आठ माह का नवजात पल रहा था। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी तो उस समय भी उसके गर्भ में आठ माह के नवजात लड़के की मौत हो गई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने दिवाली वाले दिन भी उसके परिवार पर हमला किया।
यह है पूरा मामला
प्रेम सिंह वासी रांवर ने बताया कि वह गांव में एक मोहल्ले में सफाई का काम करता है। 30 अक्तूबर को जब वह सफाई करने के लिए अपनी घोड़ा गाड़ी लेकर गांव में सफाई के लिए जा रहा था तो उसके पड़ोस के रहने वाले साजन उर्फ चिकला, सन्नी उसके पास आए और सफाई करने के लिए जाने से रोका और सफाई करने पर मारने की धमकी दी। उसने दोनों की बात को अनसुना कर दिया। 30 अक्तूबर की शाम को जब वह वापिस अपने घर लौटा तो रात को आठ बजे परिवार के सभी सदस्य अंदर थे। इसी दौरान गांव के ही विमल उर्फ धर्मू ने गंडासी से उसके सिर पर हमला कर दिया। उसकी चिखने की आवाज सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आए तो उन पर विमल के साथियों सुल्तान, साजन उर्फ चिकला, रवि, सन्नी, संजीव ने उसके परिवार के सभी सदस्यों पर गंडासी, लाठी व डंडो से हमला बोल दिया। इससे प्रेम सिंह, उसकी पत्नी राजरानी, उसका बेटा गौरव, गौरव की पत्नी सुलेखा, उसके छोटे भाई नरेंद्र की पत्नी सुनील व उसके दूसरे भाई प्रदीप की पत्नी ममता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों ने आरोप लगाया कि आरोपियों के पास देसी पिस्तौल भी थी, जिससे आरोपियों ने दो हवाई फायर भी किए। झगड़े को देखकर आस पास के लोग इक्कठा हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। झगड़े में गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए इंद्री के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से प्रेम सिंह, उसकी पत्नी राजरानी, गौरव व उसकी पत्नी सुलेखा और सुनील को करनाल अस्पताल रेफर कर दिया।
वर्जन
रांवर गांव में दिवाली वाले दिन झगड़ा हुआ था। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। मामले में आरोपियों बिमल, सुल्तान, साजन उर्फ चिकला, रवि, सन्नी, संजीव के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया हुआ है। शनिवार को सुनील के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। नवजात का पोस्टमार्टम करवाया गया है। अगली कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-गौरव पुनिया थाना प्रभारी, मधुबन