कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि हुड्डा इस्तीफा देने का ड्रामा कर रहे हैं, जब जींद उप चुनाव में बिना इस्तीफा दिये रणदीप सुरजेवाला को चुनाव लड़वाया था तो अब खुद भी बरोदा से लड़ लें। पता लग जाएगा कि बरोदा में कितना विकास कराया है। अगर हु्ड्डा बरोदा से चुनाव लड़ते हैं तो वो भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
वहीं सीएम मनोहर लाल पर हमला बोलते हुए तंवर ने कहा कि वे अपनी लोकप्रियता बरोदा में आजमा सकते हैं। कांग्रेस-भाजपा पर सांठगांठ का आरोप लगाते हुए तंवर ने कहा कि ये दोनों पार्टियां मिलकर बरोदा उपचुनाव लड़ रही हैं, कांग्रेस पार्टी में बीजेपी के एजेंट है, जो बीजेपी को जिताने में जुटे हैं।
तंवर ने कहा कि बरोदा की जनता भाजपा के खिलाफ है लेकिन कांग्रेस के कुछ नेता ही बीजेपी प्रत्याशी को जिताने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दिंवगत विधायक कृष्ण हुड्डा के परिवार का टिकट पर पहला हक बनता है। 2014 के चुनावों में भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनका टिकट काटना चाहते थे।
अब फिर से साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि पीएम और अमित शाह से कौन मिलता है और कैसे भाजपा ने पूर्व सीएम के बेटे को राज्यसभा में भेजा। कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के तीन दिवसीय दौरे को तीन घंटे में खत्म करवाने पर प्रदेश के कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता में ऐसे नेताओं का जनाधार खत्म हो चुका है। राहुल गांधी के दौरे ने सब नेताओं की पोल खोल दी है।
रामविलास शर्मा के माध्यम से विज का कांटा निकालने की तैयारी: तंवर
तंवर ने कहा कि बीजेपी बरोदा से रामविलास शर्मा को मैदान में उतारकर अनिज विज का कांटा निकालने की तैयारी कर रही है। कारण कि जिस तरीके से अनिज विज काम कर रहे हैं वह सरकार को अखर रहा है। उन्होंने कहा कि रामविलास शर्मा को टिकट देकर एक इंटरनेशनल स्तर के खिलाड़ी से अब धोखा किया जा रहा है। प्रदेश-देश में कांग्रेस-बीजेपी के अलावा कोई विकल्प है क्या, इस पर पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि वे विकल्प तैयार कर रहे हैं।