सभी सरकारी बैंक आज और कल दोनों दिन खुलेंगे। बैंक अधिकारियों ने अपनी देशव्यापी हड़ताल टाल दी है। आल इंडिया बैंक अफिसर्स के प्रदेश सचिव ललित अरोड़ा ने बताया कि वित सचिव राजीव कुमार से उनकी मांगों को लेकर बातचीत का आश्वासन मिला है। इसलिए हड़ताल को टाल दिया गया है।
बता दें कि सरकार की ओर से बैंकों के विलय करने के फैसले के विरोध में ऑल इंडिया बैंक आफिसर्स कान्फेडरेशन(एआईबीओसी), ऑल इंडिया बैंक आफिसर्स एसोसिएशन(एआआईबीओए), इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस(आईएनबीओसी) और नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ बैंक आफिसर्स(एनओबीओ) ने 26-27 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। चारों यूनियनों से जिले में सरकारी बैंकों की 100 से अधिक ब्रांचों के करीब 350 अधिकारी जुड़े हैं। इनमें चीफ मैनेजर, मैनेजर व अन्य ऑफिसर्स शामिल हैं।
बैंक दो दिन खुलेंगे, फिर दो दिन छुट्टी
सरकारी समेत अन्य तरह के ज्यादातर नौकरीपेशा लोगों का बैंक खातों में 1 या 2 तारीख को वेतन आता है। जिनके खाते सरकारी बैंकों में है, उनकी शाखाओं में 26-27 की हड़ताल टल गई है। फिर 28-29 की छुट्टी के बाद 30 सितंबर व 1 अक्टूबर यानी 2 दिन हैं, जिसमें बैंक खुलेंगे। फिर 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी रहेगी। ऐसे में 28-29 को दो दिन की छुट्टी के बाद 30 सितंबर को बैंक खुलने पर चेक क्लीयरेंस व अन्य सिस्टम से एक दिन में सैलरी न डल पाने पर उसके लेट होने व 3 अक्टूबर तक आने की संभावना जताई जा रही है।