संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कैथल रोड स्थित राजघराना होटल में शादी समारोह के दौरान गहनों से भरा बैग चोरी हो गया। बैग को नाबालिग सहित दो युवक ले गए। सीसीटीवी में दो युवक बैग को चोरी करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
कैथल के सजुमा गांव निवासी अजय ने बताया कि छह फरवरी को उसकी बेटी की शादी थी। शादी का कार्यक्रम करनाल में कैथल रोड स्थित राजघराना होटल में था। शादी समारोह में स्टेज पर जयमाला का कार्यक्रम हो रहा था तो स्टेज के ऊपर से उनका गहनों से भरा बैग चोरी हो गया। बैग में साढ़े नौ तोला सोने और आधा किलो चांदी के गहने थे जो करीब आठ लाख रुपये के थे। गहनों से भरा बैग उठाकर भागने वाले युवक की उम्र करीब 16 वर्ष है और रेकी करने वाले की उम्र करीब 23 साल है।