- श्री खाटू श्याम मंदिर के स्थापना दिवस पर हुआ संकीर्तन
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्री खाटू श्याम मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित संकीर्तन में बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु घंटों कतारों में खड़े रहे। शाम के समय कोलकाता से लाए विशेष फूलों से बाबा का स्वरूप और दरबार सजाया गया।
संकीर्तन में कलाकार गुरप्रीत धालीवाल ने जब इतने सेठ जहां में मौज उड़ाते हैं, इन्हीं से पूछो कहां से लेकर आते हैं... भजन गाकर सभी को भावविभोर कर दिया। कलाकार दीक्षा वाधवा ने काली कमली वाला मेरा यार है और ओ सांवरे मुझे तेरी जरूरत है... भजन गाकर बाबा की महिमा का गुणगान किया। विनय लाडला ने आ गया मैं दुनियादारी सारी बाबा छोड़ के, लेने आजा खाटू वाले रिंगस के उस मोड़ पे... भजन गाकर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। 11 साल के भजन गायक अर्थव मित्तल ने अपने सुमधुर और भक्तिभाव से परिपूर्ण भजन के माध्यम से श्याम बाबा को रिझाया।
पंडित विनोद शास्त्री ने मंदिर के मुख्य पुजारी देसराज गुप्ता, मोहन लोधी, आकाश गुप्ता, राजेश गुप्ता, अशोक सिंगला, नरेश गुप्ता, रामकरण गुप्ता, अनिल गर्ग, विनोद गोयल व पंकिल गोयल से विशेष पूजा करवा संकीर्तन का शुभारंभ करवाया। संकीर्तन में मेयर रेनू बाला गुप्ता और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंच कर बाबा की जोत में आहुति डाल आशीर्वाद लिया। श्याम प्रेमी श्याम बाबा को 56 भोग लगाने के लिए अपने घरों से भी व्यंजन बनाकर लाए। मंदिर में श्याम बाबा के दर्शन करते हुए श्रद्धालु कीर्तन स्थल पर पहुंचे। मंदिर समिति की ओर से भंडारा लगाकर प्रसाद का वितरण किया गया।