संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कालीदास रंगशाला में जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से वीरवार को पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 44 स्कूलों के लगभग 600 विजेता प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार उन विद्यार्थियों को दिया गया जिन्होंने बाल दिवस के उपलक्ष्य में 14 से 19 नवंबर तक आयोजित हुए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिताओं में समूह नृत्य, एकल नृत्य, समूह गायन, एकल गायन, बेस्ट आउट ऑफ द वेस्ट मटेरियल, दीया कैंडल डेकोरेशन, निबंध लेखन, पोस्टर बनाओ, थाली सजावट, देश भक्ति समूह गायन आदि शामिल थे। इस अवसर पर स्कूली बच्चों की ओर से प्रस्तुतियां दी गईं। जिनमें शिव शक्ति मिशन स्कूल ने लड़कियों की सुरक्षा व डॉक्टर अपहरण कांड पर समूह नृत्य किया। आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल की प्रति और दिव्या ने शास्त्रीय नृत्य किया।
मौके पर गौरव कुमार, कार्यक्रम अधिकारी सुमन शर्मा, जिला परिषद के सीईओ गौरव कुमार आदि मौजूद रहे। जिला बाल कल्याण अधिकारी डॉ. सतीश ने कहा कि जिले के सभी बच्चों के विकास के लिए बाल भवन में समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें बाल महोत्सव पर बड़े स्तर पर अलग-अलग तरह की प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं। बाल महोत्सव के अवसर पर स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया है।