संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रेलवे रोड पर सोमवार रात सेक्टर-33 निवासी व्यापारी संजय अरोड़ा से चार बदमाशों ने लूट की कोशिश की। एक बदमाश ने उनके पैर पर चाकू मार दिया। घायल व्यापारी ने शोर मचाया तो बदमाश मौके से भाग गए। आसपास के लोगों ने घायल व्यापारी को सिविल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद व्यापारी का छुट्टी दे दी गई। थाना सिविल लाइन पुलिस ने छीना झपटी की कोशिश की प्राथमिकी दर्ज की है।
सेक्टर-33 निवासी संजय अरोड़ा का रेलवे रोड पर कार्यालय है। वह ऑनलाइन टिकट बुकिंग और मनी एक्सजेंस का काम करते हैं। सोमवार रात करीब 9 बजे वह कार्यालय बंद करने के बाद बाहर आए। उनके पास लैपटॉप वाले बैग में करीब 60 से 70 हजार रुपये नकदी थी। इसी दौरान चार युवक उनके पास पहुंचे। एक युवक सफेद रंग की एक्टिवा पर बैठा रहा, उसने चेहरा ढका हुआ था। बाकी तीन युवक पैदल ही उनके पास आए। उनका बैग मांगा। संजय ने विरोध किया तो एक बदमाश ने चाकू निकाल लिया।
संजय के अनुसार उन्होंने हाथ में लिए टिफिन से एक बदमाश पर वार किया। दूसरे बदमाश ने उनके पैर पर चाकू से वार किया। शोर और चीखपुकार सुनकर दुकानदार इकट्ठे हो गए। जिस पर बदमाश मौके से भाग गए।
घायल व्यापारी संजय अरोड़ा ने बताया कि उनके बैग में रखे करीब 60 से 70 हजार रुपये सुरक्षित बच गए। वह विरोध नहीं करते तो बदमाश नकदी का बैग लेकर भाग जाते। थाना सिविल लाइन प्रभारी रामलाल ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने चोट पहुंचाने, छीना-झपटी की कोशिश करने संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी की फुटेज जांच रही है। जल्द ही पहचान करके बदमाशों का काबू कर लिया जाएगा।