बजीदा रोड स्थित नई सब्जी मंडी में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश दो लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर दिल्ली के व्यवसायी से रुपयों का बैग छीनने का प्रयास किया। साथ ही बैग नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी। छीना झपटी के बीच बदमाशों ने फायर भी कर दिया, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जुटती, इससे पहले आरोपी बदमाश मौके से फरार हो गये।
घटनाक्रम के अनुसार बुधवार को दिल्ली के लक्ष्मी विहार निवासी अदरक व्यापारी सुनील कुमार करनाल सब्जी मंडी में पैसे लेने के लिए कार से पहुंचे थे। वह मूलरूप से बिहार में वैशाली के रहने वाले हैं। उन्होंने दुकान नंबर-615 मुरारी लाल आढ़ती की दुकान से पेमेंट ले ली थी। उनके बैग में करीब 36 हजार रुपये की नकदी थी। वह कार से दूसरी दुकानों की ओर रुपये लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दुकान नंबर-570 के सामने वह कार से उतरे तो वहां पहले से ताक में खड़े नकाबपोश युवकों ने उन पर पिस्तौल तानकर गोली मारने की धमकी दी और बैग देने के लिए कहा। सुनील कुमार ने बैग नहीं दिया और कहा कि भले ही गोली मार दो, वह बैग नहीं देंगे। युवकों ने बैग छीनने की काफी कोशिश की, लेकिन बैग हाथ नहीं लगने पर उन्होंने फायर कर दिया। जिसमें वह बाल-बाल बच गए। मंडी में शोर मचते ही युवक हवाई फायर करते हुए फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना सिटी प्रभारी संदीप कुमार, सेक्टर चार चौकी इंचार्ज अनिल कुमार, सीआईए वन इंचार्ज प्रताप सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और गहन जांच की। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग खंगाली गई, जिसमें बाइक सवार दो युवक तो दिखाई दिए लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस युवकों के हुलिये के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
मंडी में चारदीवारी नहीं, न ही सुरक्षा
नई सब्जी मंडी में इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। व्यवसायियों का कहना है कि पांच साल पहले मंडी यहां स्थानांतरित की गई थी। मंडी में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता नहीं है। मंडी के गेट नहीं लगाए गए। अनाज मंडी की ओर से मंडी के तमाम रास्ते खुले हैं। वहीं बजीदा रोड की ओर से तीन रास्ते हैं जिन पर कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं। मंडी की चारदीवारी तक नहीं की गई। आढ़ती कपिल शर्मा, जितेंद्र मलिक, नरेंद्र कुमार व दिलबाग सिंह ने कहा कि दस बार मार्केट कमेटी सचिव को गेट व चारदीवारी बाबत मांगपत्र दे चुके हैं लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया।