करनाल। नाबालिग लड़की के साथ कैथल निवासी राहुल नामक युवक ने स्नैपचैट पर दोस्ती करके कर उसे दुष्कर्म की कोशिश की। उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
आरोपी अपनी बहन के साथ लड़की के कोचिंग सेंटर पहुंचा। दोनों उसे घर ले गए। लड़की को शादी करने का झांसा दिया। आरोपी पहले से ही शादीशुदा था। लड़की की मां की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी, उसकी बहन और पत्नी के खिलाफ गलत हरकत करने, आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी 12वीं कक्षा पास कर कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रही है। बेटी के स्नैपचैट अकाउंट पर कैथल जिले के राहुल ने उससे संपर्क किया था। राहुल शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। उसने बेटी को खुद को अविवाहित बताया था। आरोपी ने अपनी बहन से भी बात करवाई थी। आरोपी जुलाई के महीने में बेटी को चाय पीने के बहाने कैफे ले गया। वहां उसने उसके साथ अश्लील हरकत की और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो बना लिए। जब बेटी ने वीडियो डिलीट करने के लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करता रहा। कुछ दिन बाद उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फिर बुलाया और एक अंधेरे कमरे में ले जाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। ढाई महीने पहले आरोपी और उसकी बहन कोचिंग सेंटर से उसकी बेटी को अपने घर ले गए। वहां आरोपी राहुल ने फिर एक कमरे में बंद कर उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। जब उसे आरोपी के शादीशुदा होने का पता लगा तो उसने आरोपी की पत्नी को पूरी बात बताई। इसके बाद तीनों ने उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
-
कैथल जिले के राहुल ने एक नाबालिगा के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया है। आरोपी ने अपनी पत्नी और बहन के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल की है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। राहुल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, धमकाने, ब्लैकमेल करने और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। -कनुप्रिया, थाना प्रभारी महिला थाना करनाल