- पुलिस ने मौके से बरामद की एक कारतूस, अटल पार्क के निकट वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अटल पार्क के निकट एक युवक पर तीन बाइक सवार युवकों ने पहले डंडों से हमला किया। बाद में फायर करने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां लोग एकत्रित होने पर युवक फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस को मौके से एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस शिकायत के आधार पर घटना की जांच में जुटी है। मामला युवकों के बीच आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस जांच में मामला स्पष्ट हो सकेगा।
रविवार को बीरू कॉलोनी का एक युवक आजाद अटल पार्क के पास खेलने आया था। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह खेलकर लौटने लगा तो एक बाइक पर सवार तीन युवक आए। उन्होंने आते ही उस पर ठंडों से हमला कर दिया। जिससे युवक के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने युवक पर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन चलने की बजाए कारतूस सड़क पर गिर गई।
घटना स्थल से डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। डायल 112 पुलिस के साथ सेक्टर-नौ चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक ने तीनों हमलावरों में से एक युवक को पहचान लेने की बात कही है। उधर घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करने व जांच शुरू कर दी है।
अटल पार्क के पास एक युवक पर हमले करने का मामला सामने आया है। युवक के साथ डंडों से मारपीट की गई है। एक कारतूस भी मौके से मिला है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने और जांच शुरू कर दी है।
- रामकरण सिंह, इंचार्ज, सेक्टर नौ, पुलिस चौकी, करनाल