अस्पताल में उपचाराधीन घायल विद्यार्थी
- फोटो : amar ujala
शहर में छात्र गुटों में उपजी दुश्मनी गंभीर रूप ले रही है। 12वीं कक्षा के छात्र विजय राणा के हत्यारे पकड़े नहीं गए हैं और शुक्रवार दोपहर को उसी जगह पर एक कॉलेज छात्र पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से उसे घायल कर दिया गया। दर्जनभर छात्र वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल को आसपास से गुजरने वाले छात्र ही अस्पताल लेकर पहुंचे। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डेढ़ घंटे तक इलाज न मिलने पर छात्रों के साथ परिजनों ने जमकर बवाल काटा। बाद में निजी अस्पताल में ले गए।
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पीछे गेट पर छात्रों के एक गुट ने बाइक सवार डीएवी कॉलेज के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र मोहित (18) निवासी गली नंबर 6 विकास कॉलोनी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास से गुजर रहे छात्रों ने गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में दाखिल करवाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और पीड़ितों के आने के बाद भी छात्र का इलाज शुरू नहीं हुआ तो पीड़ितों का सब्र का बांध टूट गया। उन्हाेंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजन घायल छात्र को शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। जिस जगह पर छात्र मोहित घायल हुआ है, इसी जगह पर दो दिन पहले 12वीं कक्षा के छात्र विजय राणा की हत्या कर दी गई थी। शिक्षा संस्थानों में छात्र एक दूसरे के जानी दुश्मन बनते जा रहे हैं। बस स्टैंड के इर्द-गिर्द हो रहे हमलों को रोकना भी पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।